गढ़वाली फिल्म ‘कंडाली’ को मिलेगा राष्ट्रीय मंच, मुक्ता आर्ट्स से हुआ करार,फरवरी 2027 में होगी रिलीज, देशभर में वितरण और प्रचार की जिम्मेदारी संभालेगी प्रतिष्ठित कंपनी
समझौते पर मुक्ता आर्ट्स के संचालक संजय घई तथा फिल्म के निर्माता एयर वाइस मार्शल (सेवानिवृत्त) राजेश भंडारी, वीएसएम और वीरेंद्र सिंह पटवाल ने कंपनी के दिल्ली कार्यालय में हस्ताक्षर किए

नई दिल्ली। गढ़वाली सिनेमा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में नई फिल्म ‘कंडाली’ के निर्माताओं ने प्रतिष्ठित फिल्म वितरण कंपनी मुक्ता आर्ट्स के साथ समझौता किया है। करीब 43 वर्षों से फिल्म वितरण के क्षेत्र में सक्रिय मुक्ता आर्ट्स अब इस फिल्म के अखिल भारतीय वितरण और प्रचार की जिम्मेदारी संभालेगी। फरवरी 2027 में रिलीज होने वाली इस फिल्म के लिए यह करार गढ़वाली सिनेमा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
समझौते पर मुक्ता आर्ट्स के संचालक संजय घई तथा फिल्म के निर्माता एयर वाइस मार्शल (सेवानिवृत्त) राजेश भंडारी, वीएसएम और वीरेंद्र सिंह पटवाल ने कंपनी के दिल्ली कार्यालय में हस्ताक्षर किए। मुक्ता आर्ट्स ने इससे पहले सुभाष घई की फिल्मों सहित अनेक चर्चित हिंदी फिल्मों का वितरण किया है। कंपनी के साथ यह साझेदारी गढ़वाली फिल्म को व्यापक प्रचार, पेशेवर वितरण नेटवर्क और देशभर के सिनेमाघरों तक पहुंच बनाने में मदद करेगी।
शिव नारायण सिंह रावत लिखित एवं निर्देशित ‘कंडाली’ महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण पर केंद्रित पारिवारिक फिल्म है। इसकी कहानी ग्रामीण परिवेश से निकलकर आईपीएस अधिकारी बनने वाली एक युवती के संघर्ष और साहस को दर्शाती है, जो कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ जंगलों और हिमालयी पर्यावरण की रक्षा के लिए भी संघर्ष करती है। फिल्म में उत्तराखंड की महिलाओं के साहस और सामर्थ्य को कंडाली पौधे के प्रतीक के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
फिल्म का पोस्टर और ट्रेलर 17 नवंबर 2026 को देहरादून में जारी किया जाना निर्धारित है। फिल्म की शुरुआत 9 अप्रैल को नई दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में कलाकारों, निर्देशक और निर्माताओं की मौजूदगी में हुई थी। इसके बाद उत्तराखंड के खूबसूरत स्थलों पर शूटिंग की गई।
निर्देशक शिव नारायण सिंह रावत को मुंबई और दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग में चार दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने 1983-84 में पहली गढ़वाली फिल्म ‘जग्वाल’ से अभिनय की शुरुआत की थी। उनकी प्रमुख फिल्मों में हिंदी फिल्म ‘राजू बजरंगी’ और गढ़वाली फिल्म ‘बौलिया काका’ शामिल हैं, जिसे दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली। उनकी अन्य फिल्में ‘मरचा’ पूरी हो चुकी है, जबकि ‘देवभूमि : एक प्रतिज्ञा’ निर्माण की तैयारी में है।
उल्लेखनीय है कि गढ़वाली फिल्म ‘सुपन्यू’ के बाद ‘कंडाली’ की रिलीज से उत्तराखंडी सिनेमा को नई गति मिलने की उम्मीद है। मुक्ता आर्ट्स के राष्ट्रीय वितरण नेटवर्क से जुड़ाव के कारण अब पहाड़ी भाषा और संस्कृति की फिल्में देश के व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचने का अवसर प्राप्त कर सकेंगी।




