शाहदरा थाने की पहली मंजिल से चलेगा डीसीपी कार्यालय, पुलिस आयुक्त ने किया नए परिसर का उद्घाटन

शाहदरा डीसीपी कार्यालय को भोलानाथ नगर से शाहदरा थाने में स्थानांतरित कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने नए कार्यालय का उद्घाटन किया।

पूर्वी दिल्ली। शाहदरा थाने में अब शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कार्यालय भी संचालित होगा। मंगलवार को दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने थाने की पहली मंजिल पर स्थानांतरित किए गए नए डीसीपी कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके साथ ही डीसीपी कार्यालय, एसीपी कार्यालय और साइबर थाना एक ही तीन मंजिला भवन से संचालित किए जाएंगे। इससे फरियादियों को डीसीपी से मिलने और अपनी शिकायत रखने के लिए अलग-अलग स्थानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

गौरतलब है कि 24 अक्टूबर को शाहदरा थाने में वकीलों और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद हुआ था। इस घटना के बाद गांधी नगर के एसीपी मनस्वी वशिष्ठ ने पुलिस मुख्यालय पर प्रदर्शन किया था, जिसके बाद वकीलों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। घटनाक्रम के बाद एसीपी को निलंबित कर दिया गया था। हालांकि, मंगलवार को पुलिस आयुक्त का शाहदरा थाने पहुंचना इस विवाद से संबंधित नहीं था, बल्कि नए डीसीपी कार्यालय के उद्घाटन के लिए था।

अब तक शाहदरा डीसीपी कार्यालय भोलानाथ नगर क्षेत्र में संचालित हो रहा था। दिल्ली पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड ने पुराने भवन को जर्जर घोषित कर दिया था। इसके बाद कार्यालय को भोलानाथ नगर से स्थानांतरित कर शाहदरा थाने की पहली मंजिल पर स्थापित किया गया है। पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने कहा कि नए भवन का निर्माण होने तक डीसीपी कार्यालय शाहदरा थाने से ही संचालित होगा। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य करने और जनता की शिकायतों का प्रभावी ढंग से निस्तारण करने के लिए प्रोत्साहित किया।

उद्घाटन के अवसर पर स्पेशल सीपी जोन-एक देवेश चंद्र श्रीवास्तव, डीसीपी आरपी मीणा, राजीव रावल, राहुल अलवाल, अतिरिक्त उपायुक्त गीतांजलि खंडेलवाल सहित दिल्ली पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button