गाजीपुर में कूड़े के डंपर ने 19 वर्षीय युवक को कुचला, अस्पताल में मौत; चालक फरार

पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर में सड़क पार कर रहे 19 वर्षीय युवक को कूड़े के डंपर ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

डंपर की चपेट में आने से 19 साल के रोहित की मौत।

पूर्वी दिल्ली। गाजीपुर इलाके में बुधवार को सड़क पार कर रहे 19 वर्षीय युवक को कूड़े के डंपर ने कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चालक डंपर समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

मृतक की पहचान रोहित के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ गाजीपुर की संपेरा बस्ती में रहता था। परिवार में पिता कैलाश नाथ, दो भाई और एक बहन हैं। रोहित की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस के अनुसार, रोहित गाजीपुर इलाके में सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे कूड़े के डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सक उसकी जान नहीं बचा सके।

पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद चालक डंपर लेकर फरार हो गया। उसकी पहचान और तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button