पांडव नगर थाना पुलिस ने लुटेरा एवं उसके नाबालिग साथी को दबोचा, लूटा गया मोबाइल व बैग बरामद

पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली जिले के पांडव नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संजय लेक इलाके में हुई लूट की वारदात का खुलासा कर एक लुटेरे और उसके नाबालिग साथी (सीसीएल) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया ओप्पो मोबाइल फोन और हैंडबैग बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 10 मई 2026 को पीड़िता निकिता अपनी मित्र के साथ संजय लेक पर बैठी थीं, तभी दो युवकों ने उनके पास आकर एक ने धक्का दिया और दूसरे ने जबरन उनका हैंडबैग छीन लिया, जिसमें ओप्पो मोबाइल फोन और करीब 800 रुपये नकद थे। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इस संबंध में पांडव नगर थाने में एफआईआर संख्या 139/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के लिए एएसआई राजेंद्र, हेड कांस्टेबल प्रशांत, कांस्टेबल ताराचंद और कांस्टेबल अजय की टीम गठित की गई। टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई। तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान प्रेम (20), निवासी जवाहर मोहल्ला, शशि गार्डन, दिल्ली के रूप में हुई।
पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी फरार मिला। जांच के दौरान पता चला कि वह एक नाबालिग साथी के साथ रहता है, जो भी अपने घर से गायब था। लगातार प्रयासों के बाद 12 मई 2026 को गुप्त सूचना पर संजय लेक के पास जाल बिछाकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और उनकी निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल फोन और हैंडबैग बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रेम पहले भी पांडव नगर थाने के एक लूट के मामले में शामिल रह चुका है और वह नशे का आदी है। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित वारदातों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button