कड़कड़डूमा में ईस्ट दिल्ली हब का निर्माण अंतिम चरण में, 48 मंजिला टावर बनेगा राजधानी की सबसे ऊंची आवासीय इमारत
कड़कड़डूमा में विकसित किया जा रहा ईस्ट दिल्ली हब का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, जिसमें 48 मंजिला आवासीय टावर राजधानी की सबसे ऊंची इमारत होगी।

पूर्वी दिल्ली। कड़कड़डूमा में विकसित किए जा रहे ईस्ट दिल्ली हब का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत 48 मंजिला आवासीय टावर तैयार किया जा रहा है, जिसकी ऊंचाई करीब 155 मीटर होगी। निर्माण पूरा होने के बाद यह राजधानी की सबसे ऊंची आवासीय इमारत होगी। मंगलवार को उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने परियोजना स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों और उपलब्ध कराई जा रही नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने आवासीय टावरों में चल रहे फिनिशिंग कार्यों की समीक्षा करते हुए दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) और निर्माण एजेंसी एनबीसीसी को आपसी समन्वय के साथ शेष कार्य शीघ्र पूरा करने तथा परियोजना का समयबद्ध हस्तांतरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
करीब 30 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित हो रहा ईस्ट दिल्ली हब ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) परियोजना है। इसके तहत आवासीय, व्यावसायिक और नागरिक सुविधाओं को एक ही परिसर में विकसित किया जा रहा है। उपराज्यपाल ने कहा कि पूर्वी दिल्ली को टिकाऊ और सघन शहरी जीवन के क्षेत्र में एक मिसाल के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। परियोजना का निर्माण उसकी मूल परिकल्पना के अनुरूप होना चाहिए, ताकि यहां रहने वाले लोगों को बेहतर आवास के साथ आधुनिक शहरी सुविधाएं भी मिल सकें।
परियोजना के पहले चरण में डीडीए ने ‘डीडीए टावरिंग हाइट्स’ नाम से प्रीमियम आवासीय योजना शुरू की थी। इसमें दो बेडरूम वाले कुल 1,026 फ्लैट शामिल हैं। परियोजना का सबसे ऊंचा आवासीय टावर 48 मंजिला और करीब 155 मीटर ऊंचा होगा। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय विधायक ओपी शर्मा और डीडीए के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
ईस्ट दिल्ली हब में निवासियों के लिए करीब 20 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में केंद्रीय हरित क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। इसमें जॉगिंग ट्रैक, बच्चों के खेलने के लिए स्थान, ओपन एयर जिम, क्रिकेट मैदान, बैडमिंटन कोर्ट और अन्य हरित सुविधाएं उपलब्ध होंगी। निर्माण कार्य में मजबूती और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मिवान शटरिंग तकनीक तथा उच्च गुणवत्ता वाले जिप्सम प्लास्टर का इस्तेमाल किया जा रहा है। परियोजना पूरी होने पर यह परिसर आवास, कारोबार और मनोरंजन से जुड़ी सुविधाओं को एकीकृत रूप में उपलब्ध कराने वाला पूर्वी दिल्ली का प्रमुख शहरी केंद्र बन सकेगा।




