यमुना में क्रूज सफारी शुरू, पहले दिन 100 से अधिक लोगों ने लिया सैर का आनंद

दिल्ली में यमुना नदी पर पहली बार क्रूज सफारी शुरू हुई। आज इसका पहला दिन था, जिसे लोगों ने 'विदेश जैसा' अनुभव बताया। इस नई पर्यटन सुविधा ने यमुनापार क्षेत्र को नया आयाम दिया है ।

पूर्वी दिल्ली। राजधानी में यमुना की बदहाल छवि के बीच नदी पर क्रूज सफारी की शुरुआत लोगों के लिए नया अनुभव लेकर आई। मंगलवार को नमो यमुना रिवर सफारी के तहत पहली बार क्रूज से सैर करने पहुंचे लोगों ने इसे विदेश जैसा अनुभव बताया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में इस सफारी को लेकर उत्साह दिखाई दिया। पहले ही दिन 100 से अधिक लोगों ने क्रूज की यात्रा की और कई लोगों ने इस अनुभव को मोबाइल कैमरों में कैद किया।

दीवाली की छुट्टियों और छठ पर्व के माहौल के बीच क्रूज में छठी मैया के गीत भी बजाए गए। क्रूज में दो एसी और एक एलईडी स्क्रीन की सुविधा दी गई है। हालांकि, यात्रियों ने टिकट की कीमत को लेकर सुझाव दिया कि प्रति व्यक्ति 500 रुपये का शुल्क घटाकर 100 से 200 रुपये किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

सोनिया विहार से जगतपुर तक यमुना किनारे के क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की पहल का असर आसपास के घाटों पर भी दिखाई दिया है। सोनिया विहार और साढ़े तीन पुश्ता सहित कई घाटों की सफाई कराई गई है। छठ पूजा को देखते हुए साफ घाट और पानी की व्यवस्था को स्थानीय लोगों ने उपयोगी बताया। क्रूज के लोकार्पण के दौरान घाटों पर मौजूद लोगों ने इस पहल का स्वागत किया।

नमो यमुना रिवर सफारी का संचालन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, रिवर सफारी का शुल्क 50 रुपये, क्रूज का टिकट 500 रुपये और जेट स्की का शुल्क 1,000 रुपये प्रति व्यक्ति है। बच्चों के लिए क्रूज का टिकट 300 रुपये बताया गया है। यहां छह तरह के गेम्स की सुविधा भी है, जिनमें प्रत्येक गेम के लिए 50 रुपये शुल्क निर्धारित है।

Related Articles

Back to top button