करावल नगर इलाके में फर्जी पुलिसकर्मी बनकर घूम रहा सिविल डिफेंस वॉलंटियर गिरफ्तार

उत्तर-पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर इलाके में दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों के बीच घूम रहा था। आरोपी वास्तव में दिल्ली सिविल डिफेंस का वॉलंटियर है, लेकिन उसने दिल्ली पुलिस की वर्दी पहन रखी थी और स्वयं को कांस्टेबल बताकर लोगों को गुमराह कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 28 जून 2026 की रात करीब 9:50 बजे की गई। AATS, उत्तर-पूर्वी जिला की गश्ती टीम को करीब 9:40 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि एसडीएम कार्यालय, नंद नगरी में तैनात एक सिविल डिफेंस वॉलंटियर जवाहर नगर पिकेट के पास पुलिस अधिकारी बनकर घूम रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम शाहरुख खान बताया और खुद को करावल नगर थाने में तैनात दिल्ली पुलिस का कांस्टेबल बताया। हालांकि, जब पुलिस ने संबंधित थाने से सत्यापन किया तो पता चला कि उस नाम का कोई भी पुलिसकर्मी वहां तैनात नहीं है।
इसके बाद आरोपी की सच्चाई सामने आ गई। पुलिस ने उसके खिलाफ करावल नगर थाने में एफआईआर संख्या 171/2026 दर्ज कर ली है। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 204 और 205 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने पुलिस की वर्दी और अन्य सामान कहां से प्राप्त किया तथा क्या उसने किसी को धोखा देकर किसी प्रकार का लाभ उठाने की कोशिश की थी या नहीं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button