16वां महाकौथिग-2026: AI तकनीक से जुड़ेगा पूरा मेला, 19 से 27 दिसंबर तक नोएडा स्टेडियम में होगा उत्तराखंड की लोकसंस्कृति का भव्य आयोजन

13 दिसंबर को भूमि पूजन, मां सुरकंडा देवी की थीम पर सजेगा मंच; उत्तराखंड के सभी 13 जिलों के 150 से अधिक लोक कलाकार देंगे प्रस्तुतियां।

राजू बोहरा / वरिष्ठ संवाददाता

नोएडा, 15 नवंबर 2026। दिल्ली-एनसीआर में उत्तराखंड की पारंपरिक लोककला, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत का प्रमुख उत्सव महाकौथिग इस वर्ष अपने 16वें संस्करण में नए स्वरूप और आधुनिक तकनीक के साथ आयोजित होने जा रहा है। सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में 19 से 27 दिसंबर 2026 तक नौ दिवसीय महाकौथिग-2026 का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की औपचारिक शुरुआत के लिए 13 दिसंबर 2026 को विधिवत भूमि पूजन किया जाएगा।

नोएडा स्टेडियम में हुई महत्वपूर्ण बैठक

16वें महाकौथिग की तैयारियों को लेकर रविवार, 15 नवंबर को नोएडा स्टेडियम में आयोजन समिति पर्वतीय सांस्कृतिक संस्था की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महाकौथिग की अध्यक्ष श्रीमती इंदिरा चौधरी ने की। बैठक में मुख्य संयोजक राजेंद्र चौहान, संस्थापिका एवं स्वर कोकिला कल्पना चौहान सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में नौ दिवसीय मेले की विस्तृत रूपरेखा, मंच सज्जा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विभिन्न प्रतियोगिताओं, सुरक्षा व्यवस्था, डिजिटल प्रबंधन एवं आगंतुकों की सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

मां सुरकंडा देवी की थीम पर तैयार होगा भव्य मंच

मुख्य संयोजक राजेंद्र चौहान ने बताया कि महाकौथिग उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, धार्मिक परंपराओं, रीति-रिवाजों, हस्तशिल्प, औद्योगिक विकास और सामाजिक एकता का अनूठा संगम है। इस वर्ष मंच का स्वरूप मां सुरकंडा देवी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान की थीम पर तैयार किया जाएगा, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

13 जिलों के 150 से अधिक कलाकार बिखेरेंगे लोकसंस्कृति के रंग

इस वर्ष उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों से 150 से अधिक लोक कलाकार महाकौथिग में अपनी प्रस्तुतियां देंगे। पारंपरिक लोकगीत, लोकनृत्य, लोकसंगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देवभूमि की समृद्ध विरासत को दिल्ली-एनसीआर के दर्शकों के सामने जीवंत किया जाएगा। प्रत्येक शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों के नाम रहेगी।

इसके अतिरिक्त मेले की स्मारिका एवं 12 पृष्ठों के विशेष आमंत्रण पत्र का प्रकाशन भी किया जाएगा। आयोजन समिति ने सभी सहयोगी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, उत्तराखंडी समाज और संस्कृति प्रेमियों से इस आयोजन में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया है।

महाकौथिग की अध्यक्ष श्रीमती इंद्रा चौधरी ने उत्तराखंड के सभी प्रवासियों एवं संस्कृति प्रेमियों से अपनी जड़ों, लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने तथा सामूहिक एकजुटता के साथ इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की।

महाकौथिग-2026 : प्रमुख जानकारी

आयोजन: 16वां महाकौथिग-2026
आयोजक: पर्वतीय सांस्कृतिक संस्था
स्थान: नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-21ए, नोएडा
भूमि पूजन: 13 दिसंबर 2026 (रविवार)
मेला अवधि: 19 से 27 दिसंबर 2026
समय: प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से रात्रि 8 बजे तक
विशेष आकर्षण: मां सुरकंडा देवी की थीम पर भव्य मंच, 13 जिलों के 150 से अधिक लोक कलाकार, पारंपरिक हस्तशिल्प एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां।

महाकौथिग का मूल उद्देश्य उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाना, पारंपरिक कला एवं हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करना और दिल्ली-एनसीआर में देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाना है। इस वर्ष परंपरा और आधुनिक तकनीक का संगम महाकौथिग को एक नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Related Articles

Back to top button