केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और अभिनेता हेमंत पांडे को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से किया सम्मानित

राजू बोहरा / वरिष्ठ संवाददाता

नई दिल्ली / देहरादून उत्तराखंड, देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की दो प्रतिष्ठित सांस्कृतिक हस्तियों लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और फिल्म अभिनेता हेमंत पांडेय को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया। उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के तहत वर्ष 2024 और 2025 के लिए चयनित दोनों कलाकारों को दो-दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

वर्ष 2024 का सम्मान प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी को उनके लोकसंगीत के माध्यम से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराओं और जनभावनाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए दिया गया। वहीं, वर्ष 2025 का पुरस्कार अभिनेता हेमंत पांडेय को फिल्म और मनोरंजन जगत में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।

पिथौरागढ़ की धरती से बॉलीवुड तक हेमंत पांडेय का सफर
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से संबंध रखने वाले हेमंत पांडेय ने अपने अभिनय कौशल से बॉलीवुड, टेलीविजन और रंगमंच में अलग पहचान बनाई है। उनका सबसे लोकप्रिय किरदार टीवी धारावाहिक ‘ऑफिस ऑफिस’ का पांडे जी रहा, जिसने उन्हें देशभर में घर-घर तक पहचान दिलाई। इसके अलावा उन्होंने ‘बैंडिट क्वीन’, ‘मुझे कुछ कहना है’, ‘रहना है तेरे दिल में’, ‘कृष’, ‘रेडी’ और ‘यारियां’ जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया है।

तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने 150 से अधिक फिल्मों और टेलीविजन प्रस्तुतियों में काम किया है। इसके अलावा उन्हेने उत्तराखंड की आशा की भी अनेक फिल्मो में का किया है जिनमे 2017 में हिमानी शिवपुरी के साथ आई चर्चित ”गोपी भीना” और 2018 मे उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक के उपन्यास पर बनी चर्चित गढ़वाली फिल्म ”मेजर निराला” बड़ी फिल्मे शामिल है जिनमे उन्होंने शानदार अभिनय किया था।

हेमंत पांडेय ने हास्य भूमिकाओं के साथ-साथ गंभीर और चरित्र प्रधान किरदारों में भी अपनी अभिनय क्षमता साबित की है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के बीच अपनी पहचान बनाने के साथ उन्होंने उत्तराखंड की प्रतिभा को भी देश-विदेश में प्रतिष्ठा दिलाई है। अपनी जन्मभूमि और पहाड़ी संस्कृति से उनका जुड़ाव लगातार बना हुआ है।

उत्तराखंड सरकार द्वारा फिल्म पुरस्कारों के माध्यम से प्रदेश की लोकसंस्कृति, क्षेत्रीय सिनेमा और कला जगत से जुड़ी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। दोनों कलाकारों को मिला यह सम्मान उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और कला जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

Related Articles

Back to top button