27 नवंबर से दिल्ली-एनसीआर के आधा दर्जन बड़े सिनेमाघरों में रिलीज होगी चर्चित गढ़वाली फिल्म ‘सुपन्यू’

राजू बोहरा / वरिष्ठ संवाददाता
नई दिल्ली। उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं और पहाड़ से महानगर तक के जीवन को पर्दे पर उतारने वाली चर्चित नई गढ़वाली फिल्म ‘सुपन्यू’ आगामी शुक्रवार, 27 नवंबर से दिल्ली-एनसीआर के करीब आधा दर्जन बड़े सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने जा रही है।

‘सुपन्यू’ फिल्म को लेकर उत्तराखंडी समाज में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ‘सुपन्यू’ महानगरों में रहने वाले उन तमाम उत्तराखंडवासियों की भावनाओं और जीवन की कहानी है, जिनका जुड़ाव आज भी अपनी जन्मभूमि और पहाड़ की मिट्टी से बना हुआ है।

दिल्ली-एनसीआर में फिल्म का प्रदर्शन जयपुरिया मॉल, इंदिरापुरम, मिराज सिनेमा, चांद त्रिलोकपुरी, लॉजिक्स मॉल, नोएडा, पीवीआर अनुपम, साकेत तथा पीवीआर वेगास मॉल, द्वारका सहित प्रमुख सिनेमाघरों में होगा। फिल्म की कहानी गांव से दिल्ली तक के सफर, अपनी जड़ों से जुड़ाव, पहाड़ की यादों और उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को खूबसूरती से प्रस्तुत करती है।

ट्विंकल फिल्म्स के बैनर तले निर्मित इस फिल्म के निर्माता कौशल मणि ढोंढियाल और सह-निर्मात्री पुष्पा ढोंढियाल हैं। फिल्म का निर्देशन प्रसिद्ध निर्देशक देवू रावत ने किया है, जबकि राजेंद्र नेगी ने सहायक निर्देशक की जिम्मेदारी निभाई है।

फिल्म में उत्तराखंड के कई अनुभवी और चर्चित कलाकारों ने अभिनय किया है। प्रमुख भूमिकाओं में अजय सिंह बिष्ट, राजेश जोशी और अनुज खंडारी सहित अन्य प्रतिभाशाली कलाकार नजर आएंगे। फिल्म की टीम को उम्मीद है कि ‘सुपन्यू’ दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ ही उत्तराखंड की संस्कृति, सामाजिक जीवन और अपनी मिट्टी से जुड़े रहने का सकारात्मक संदेश भी देगी।

निर्माता कौशल मणि ढोंढियाल के अनुसार, फिल्म को बेहतर और प्रभावशाली बनाने के लिए पूरी टीम ने समर्पण और मेहनत के साथ काम किया है। उन्हें विश्वास है कि दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले उत्तराखंडी दर्शक इस फिल्म को भरपूर प्यार देंगे।

Related Articles

Back to top button