ऑपरेशन ‘स्ट्रीट शील्ड’ में बड़ी कामयाबी: शातिर लुटेरा व घोषित अपराधी गिरफ्तार, लूटी गई सोने की चेन बरामद

पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली जिला पुलिस के एंटी स्नैचिंग एंड बर्गलरी (एएसबी) सेल और थाना मयूर विहार की क्रैक टीम ने “ऑपरेशन स्ट्रीट शील्ड” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर लुटेरे एवं घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज उर्फ गंजा उर्फ नरेश (29), निवासी त्रिलोकपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी को पहले भी अदालत द्वारा एक लूट के मामले में घोषित अपराधी घोषित किया जा चुका था। वह हत्या, हत्या के प्रयास, लूट-डकैती और आर्म्स एक्ट सहित सात आपराधिक मामलों में संलिप्त पाया गया है।
घटना 24 मई 2026 की सुबह करीब 8 बजे की है, जब निर्माण अपार्टमेंट, मयूर विहार फेज-1 निवासी पूनम सुबह की सैर पर निकली थीं। इसी दौरान पीछे से आए एक युवक ने उनकी सोने की चेन झपट ली। विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ धक्का-मुक्की की, जिससे उनके गले पर खरोंचें आईं। इसके बाद आरोपी अपने तीन साथियों के साथ दो मोटरसाइकिलों पर फरार हो गया। पीड़िता के बयान पर 25 मई को थाना मयूर विहार में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसबी सेल और मयूर विहार थाना पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी निगरानी व स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे न्यू अशोक नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। जांच के दौरान मामले में लूट की धाराएं भी जोड़ी गईं।
पूछताछ में आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल कर घटना को अंजाम दिया। उसने यह भी खुलासा किया कि लूटी गई चेन को एक जौहरी के माध्यम से बेच दिया गया था। पुलिस अब फरार साथियों और चेन खरीदने वाले की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आदतन अपराधी है और गंभीर आपराधिक मामलों में उसकी संलिप्तता रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।




