“राइटर्स एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया” की 11वीं बैठक में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ.विवेक गौतम ने मारवाह स्टूडियोज़, नोएडा में दिया “फिल्मों में साहित्य की संभावनाएं और आवश्यकता” विषय पर वक्तव्य।

राजू बोहरा / वरिष्ठ संवाददाता
नोएडा। 13 नवंबर 2026 को देश के प्रतिष्ठित मारवाह स्टूडियोज़ में 11वीं वार्षिक राइटर्स मीट का सफलतापूर्वक आयोजन हुआ। ज्ञात हो राइटर्स एसोसिएशन के अंतर्गत प्रत्येक वर्ष इस बैठक का आयोजन किया जाता है जिसमें देश भर के प्रतिष्ठित साहित्यकार, कवि, लेखक भाग लेते हैं और अपने विचार साझा करते हैं।
प्रत्येक वर्ष की तरह यह साहित्यिक बैठक भारतीय लेखक संघ के अध्यक्ष भारत के सांस्कृतिक राजदूत कहे जाने वाले संदीप मारवाह के सान्निध्य में सम्पन्न हुई जिसका विषय था ‘फिल्मों में साहित्य की संभावनाएं और आवश्यकता’।
इस अवसर पर जिन विशिष्ट वक्ताओं ने अपने विचार रखें उनमें प्रतिष्ठित कवयित्री और लेखिका डॉ. रेणु हुसैन, सुप्रसिद्ध वरिष्ठ कवि-साहित्यकार एवं शिक्षाविद् डॉ.विवेक गौतम, सुप्रसिद्ध कवि प्रेम भारद्वाज ज्ञानभिक्षु और वरिष्ठ पत्रकार, लेखक और रेख़्ता फाउंडेशन के अध्यक्ष दिनेश श्रीनेत।
इस मौके पर संघ के अध्यक्ष संदीप मारवाह और सम्मानित पैनल के द्वारा आगामी 12 वें ग्लोबल लिटरेरी फेस्टिवल का पोस्टर लॉन्च किया गया। संदीप मारवाह ने कहा कि सिनेमा एक उत्कृष्ट विधा है इसमें लेखकों को ईमानदार लेखन के साथ साथ सर्वहित के लिए लिखना चाहिए जिससे कि उनकी कृति पर फिल्म बनने की संभावनाएं नज़र आएं। इस मौके पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि राइटर्स एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया ने उभरते लेखकों के लिए तमाम मीडिया प्लेटफॉर्म प्रदान किये हैं और अब वे लेखकों के लिए फिल्म वर्कशॉप पर भी विचार कर रहे हैं।
राइटर्स एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया के महासचिव सुशील भारती ने लेखक संघ के द्वारा अब तक की गई गतिविधियों से परिचित कराया और सिनेमा और साहित्य के संबंधों, संभावनाओं और साहित्य पर बनी फिल्मों की समीक्षा भी की।
रेख़्ता फाउंडेशन के अध्यक्ष दिनेश श्रीनेत ने विस्तार से बताया कि हिंदी साहित्य की पहुंच क्यों नहीं सिनेमा तक बन पाई। इसको समझने के लिए उन्होंने भारतीय कहानियों पर बनी तमाम फिल्मों के उदाहरण दिए। उन्होंने कहा हिंदी साहित्य में जिस तरह की कहानियां लिखी जानी थीं वे नहीं लिखी गईं, इसलिए भारतीय फिल्मकारों को शेक्सपियर,ओ हेनरी, दोस्तोवस्की जैसे तमाम साहित्यकारों की ओर देखना पड़ा।
सुप्रसिद्ध कवि प्रेम भारद्वाज ज्ञानभिक्षु ने बताया कि सिनेमा की अपनी चुनौतियां हैं जिन्हें कहानीकारों और उपन्यासकारों को समझना चाहिए, क्योंकि जब कोई फिल्म बनती है तो कई बार तमाम लेखकों को किसी एक कहानी के लिए चुना जाता है।

वहीं देश के वरिष्ठ कवि, शिक्षाविद एवं नेशनल एक्सप्रेस दैनिक अख़बार में साहित्य,कला संस्कृति के संयुक्त संपादक डॉ. विवेक गौतम ने कहा कि लेखकों को यह समझना होगा कि वे ‘क्लासेज़’ के लिए लिख रहे हैं या ‘मासेज़’ के लिए। उन्होंनेफिल्मी गीतों की ओर भी ध्यान आकर्षित किया और आनंदमठ, आम्रपाली। और परिणीता जैसी फिल्मों के बारे में बताया। फिल्मी गीतों की बात करते हुए उन्होंने भारतीय सिनेमा इतिहास के तमाम बड़े गीतकारों की साहित्यिक यात्रा के माध्यम से भारतीय सिनेमा की समृद्ध गीतों की याद ताज़ा की।
प्रेम और संवेदना की कवियित्री रेणु हुसैन ने कहा अभी भी कुछ ऐसी कहानियां हैं जैसे चंद्रधर शर्मा गुलेरी की कहानी ‘उसने कहा था’ वे सिनेमा से अछूती रहीं जिन पर फिल्म बननी चाहिए थी। यह शायद इस वजह से हुआ कि हिंदी साहित्य में लिखी गई तमाम उत्कृष्ट कहानियां फिल्म मेकर्स तक पहुंच ही नहीं पाईं।
विशिष्ट अतिथियों के बाद उपस्थित सभी वरिष्ठ लेखकों और कवियों ने अपने-अपने सुझाव रखे जिनका निचोड़ यही निकाला गया कि लेखकों को सिनेमा विधा से भी परिचित होना चाहिए जिसके लिए राइटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के द्वारा वर्कशॉप का आयोजन हो।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लेखकों को प्रमाण पत्र प्रदान कर भारतीय लेखक संघ की सदस्यता दी गई।
कार्यक्रम अंत में संघ के महासचिव सुशील भारती ने पूरी चर्चा को समेटते हुए धन्यवाद ज्ञापन दिया और कहा कि सिनेमा सात कलाओं का संयोजन है अगर आपको फिल्म लेखक बनना है तो लेखन के साथ साथ संगीत, नृत्य, फोटोग्राफी, कला, थिएटर जैसी विधाओं को बारीकी से समझना शुरू करना चाहिए।




