छठ पर घर लौटने की उमड़ी भीड़, आनंद विहार स्टेशन पर 50 हजार से अधिक यात्री रवाना
छठ महापर्व के लिए घर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर उमड़ी, जहां 50,000 से अधिक लोगों ने यात्रा की। भीड़ नियंत्रण के लिए होल्डिंग एरिया का उपयोग किया गया और विशेष ट्रेनों का संचालन भी किया गया।

पूर्वी दिल्ली। छठ महापर्व पर अपने घरों की ओर लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ आनंद विहार रेलवे स्टेशन और अंतरराज्यीय बस अड्डे पर उमड़ रही है। बिहार और पूर्वांचल जाने वाली ट्रेनों में सफर करने के लिए बड़ी संख्या में लोग स्टेशन पहुंच रहे हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या के चलते रेलवे प्रशासन को भीड़ नियंत्रित करने के लिए होल्डिंग एरिया का सहारा लेना पड़ रहा है। बुधवार को स्टेशन से 50 हजार से अधिक यात्री अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।
शुक्रवार से शुरू हो रहे छठ महापर्व के मद्देनजर गुरुवार को भी घर जाने वालों की भीड़ बनी रही। पूर्वांचल और बिहार की ओर जाने वाली नियमित ट्रेनों के साथ सात विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया। इसके बावजूद सुबह से ही स्टेशन पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ती रही। टिकट लेने के बाद प्लेटफार्म पर पहुंचने की कोशिश कर रहे यात्रियों को भीड़ के कारण होल्डिंग एरिया में रोका गया। प्लेटफार्म पर जगह उपलब्ध होने और ट्रेन आने के अनुसार यात्रियों को आगे जाने की अनुमति दी गई।
स्टेशन के प्लेटफार्मों के साथ फुटओवर ब्रिज पर भी यात्रियों की आवाजाही का दबाव बना रहा। सिर पर बैग और हाथों में बच्चों का सामान लिए लोग ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में नजर आए। भीड़ को व्यवस्थित रखने और यात्रियों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। होल्डिंग एरिया में रोके जाने के कारण कई यात्रियों को ट्रेन के इंतजार में देर तक खड़ा रहना पड़ा।
बिहार जाने वाले एक यात्री ने बताया कि उन्हें छठ पर परिवार के साथ घर पहुंचना है, लेकिन स्टेशन पर भीड़ इतनी अधिक है कि बच्चों और सामान को संभालना मुश्किल हो रहा है। ट्रेन का भी काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। यात्री के मुताबिक, त्योहार पर घर पहुंचने की जल्दी है, लेकिन भीड़ के कारण प्लेटफार्म तक पहुंचने और ट्रेन में सवार होने में परेशानी हुई।
रेलवे स्टेशन के अलावा आनंद विहार अंतरराज्यीय बस अड्डे पर भी यात्रियों का हुजूम देखने को मिला। प्रयागराज, गोरखपुर, आजमगढ़, अयोध्या और बनारस जाने वाली बसों में सवार होने के लिए लोग कतारों में इंतजार करते रहे। ट्रेन में जगह या सुविधा नहीं मिलने वाले कुछ यात्री बसों के जरिए और रास्ते में वाहन बदलकर अपने गंतव्य तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। परिवार और सामान के साथ यात्री जल्द से जल्द घर पहुंचकर छठ पर्व की तैयारियों में शामिल होना चाहते हैं।



