मधु विहार थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर ने खुद को मारी गोली, पुलिस महकमे में शोक

मधु विहार थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर सोमेश मीणा ने सोमवार को अपनी सरकारी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस महकमे में शोक का माहौल है और मामले की जांच जारी है।

कमल सिंह/दिल्ली ब्यूरो

पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के मधु विहार थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां दिल्ली पुलिस में तैनात सब-इंस्पेक्टर सोमेश मीणा ने अपनी सरकारी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक वर्ष 2019 बैच के सब-इंस्पेक्टर बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना थाने के ऊपर स्थित पुलिस बैरक में हुई। गोली चलने की आवाज सुनकर अन्य पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे, जहां सब-इंस्पेक्टर सोमेश मीणा गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाए गए। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आत्महत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। यह भी जांच का विषय है कि घटना से पूर्व सब-इंस्पेक्टर की मानसिक स्थिति कैसी थी और क्या उन्होंने कोई सुसाइड नोट छोड़ा है।
बताया जा रहा है कि सोमेश मीणा लंबे समय से डिप्रेशन से जूझ रहे थे और उनका उपचार रोहतक और रोहिणी के अस्पतालों में चल रहा था। साथ ही पारिवारिक विवाद, विशेषकर पत्नी के साथ चल रहे मतभेदों के कारण भी वे मानसिक रूप से परेशान थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button