हर्ष विहार में कंप्यूटर संस्थान में चोरी का 12 घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; दो लैपटॉप समेत सामान बरामद
दिल्ली के हर्ष विहार में कंप्यूटर संस्थान में हुई चोरी का पुलिस ने 12 घंटे में खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से दो लैपटॉप, की-बोर्ड और माउस बरामद हुए हैं। पुलिस फरार चौथे आरोपी की तलाश कर रही है।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार थाना पुलिस ने कंप्यूटर संस्थान में हुई रात की चोरी की वारदात का 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए दो लैपटॉप, एक की-बोर्ड और एक माउस बरामद किया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को सुबह करीब 5:20 बजे सफेद मंदिर रोड स्थित आरकेवी कंप्यूटर इंस्टीट्यूट में चोरी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि अज्ञात लोगों ने संस्थान का ताला तोड़कर दो लैपटॉप, एक इंडक्शन चूल्हा, एक की-बोर्ड और एक माउस चोरी कर लिया था। सूचना मिलने पर फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
संस्थान के शिकायतकर्ता राहुल कुमार (27) निवासी हर्ष विहार की शिकायत पर थाना हर्ष विहार में एफआईआर संख्या 367/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(4) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वारदात का खुलासा करने के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक तेज दत्त गौर के नेतृत्व में एएसआई आशीष, हेड कांस्टेबल कुंदन और हेड कांस्टेबल गौरव की टीम गठित की गई। टीम ने एसीपी नंद नगरी गौरव कुमार त्रिपाठी की देखरेख में आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय स्तर पर सूचनाएं जुटाईं। तकनीकी निगरानी और लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने घटना के 12 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की और अपने एक अन्य साथी की भूमिका का भी खुलासा किया। उनकी निशानदेही पर एक डेल कंपनी का लैपटॉप, एक एचपी लैपटॉप, एक की-बोर्ड और एक माउस बरामद किया गया। इसके बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) और 3(5) भी जोड़ी गई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लालतेश उर्फ लक्की (34), निवासी हर्ष विहार-द्वितीय, गाजियाबाद; किशन शर्मा (29), निवासी गगन विहार, गाजियाबाद और कोके (28), निवासी हर्ष विहार, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, लालतेश के खिलाफ चोरी, झपटमारी और आबकारी अधिनियम से जुड़े छह मामले दर्ज हैं, जबकि किशन शर्मा दो चोरी के मामलों और सीआरपीसी की धारा 102 के तहत दर्ज दो कलंदरों में शामिल रहा है। तीसरे आरोपी कोके का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। पुलिस फरार चौथे आरोपी की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की जांच जारी है।




