दिल्ली से कोलकाता तक पदयात्रा पर निकले भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ता अवनीश पांडेय अंतिम चरण में

नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता अवनीश पांडेय की दिल्ली स्थित काली बाड़ी से कोलकाता के कालीघाट मंदिर तक की पदयात्रा अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। धार्मिक आस्था और संकल्प का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए अवनीश पांडेय ने लगभग 1400 किलोमीटर की दूरी तय कर ली है और उनके 24 या 25 जून तक कालीघाट पहुंचने की संभावना है।
बताया गया है कि फरवरी 2026 में जब भाजपा संगठन पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा था, उसी दौरान 16 फरवरी को अवनीश पांडेय दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित काली बाड़ी मंदिर पहुंचे और मां काली के समक्ष दो संकल्प लिए। पहला, उन्होंने चुनाव में भाजपा की जीत तक जूते-चप्पल न पहनने का संकल्प लिया और दूसरा, जीत होने पर दिल्ली से कोलकाता के कालीघाट मंदिर तक पैदल यात्रा करने का प्रण किया।
चार मई 2026 को पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा की जीत के बाद अवनीश पांडेय ने बिना किसी विलंब के काली बाड़ी पहुंचकर मां का आभार व्यक्त किया और 92 दिन बाद पुनः जूते पहने। इसके बाद उसी रात उन्होंने अपनी पदयात्रा प्रारंभ कर दी। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार से गुजरते हुए वह पश्चिम बंगाल में नवगांव तक पहुंच चुके हैं।
शांत स्वभाव के अवनीश पांडेय ने बिना किसी संस्थागत सहयोग के यह लंबी यात्रा पूरी कर कार्यकर्ता संकल्प और आस्था की एक मिसाल पेश की है। उनकी इस पदयात्रा को संगठन और स्थानीय लोगों द्वारा सराहना मिल रही है।

Related Articles

Back to top button