दिल्ली पुलिस एएनटीएफ का ‘ड्रग-फ्री’ अभियान जारी, गांधी दर्शन में जागरूकता कार्यक्रम किया आयोजित

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) द्वारा ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत मंगलवार को राजघाट स्थित गांधी दर्शन में एंटी-ड्रग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 25–30 आगंतुकों और आम नागरिकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
इस दौरान प्रतिभागियों को नशे के दुष्प्रभावों और इसके स्वास्थ्य, परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले गंभीर असर के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पोस्टर, पंपलेट और संवादात्मक सत्रों के माध्यम से लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया गया तथा इस बुराई को जड़ से खत्म करने में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया।
दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी या सेवन से जुड़ी किसी भी जानकारी को एएनटीएफ, स्थानीय पुलिस या राष्ट्रीय हेल्पलाइन ‘मानस–1933’ पर साझा करें। साथ ही यह भी आश्वस्त किया गया कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए और सभी से सुरक्षित एवं नशामुक्त दिल्ली के निर्माण में सहयोग देने की अपील की गई।




