भारत का सबसे लंबी अवधि तक चलने वाला उत्तराखंडी सांस्कृतिक महाकुंभ “उत्तराखंड लोक महोत्सव 2026” दिल्ली में होगा आयोजित
महोत्सव की प्रमुख विशेषता यह होगी कि इसमें 500 से अधिक लोक कलाकार, सांस्कृतिक दल एवं विभिन्न विधाओं के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति को जीवंत करेंगे।

राजू बोहरा / विशेष संवाददाता नई दिल्ली
नई दिल्ली। उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, लोक कला, लोक संगीत, लोक नृत्य, पारंपरिक विरासत, पर्यटन, हस्तशिल्प और सामाजिक एकता को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से उत्तराखंड लोक महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन 25 अगस्त 2026 से 14 सितंबर 2026 तक रामलीला मैदान, रोहिणी सेक्टर-16, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।
21 दिनों तक चलने वाला यह भव्य आयोजन भारत का सबसे लंबे समय तक चलने वाला उत्तराखंडी सांस्कृतिक महोत्सव होगा, जिसमें देशभर से लाखों दर्शकों, सांस्कृतिक प्रेमियों एवं उत्तराखंडवासियों के पहुंचने की संभावना है। यह महोत्सव उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान, लोक परंपराओं और सामाजिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान प्रदान करेगा।
महोत्सव की प्रमुख विशेषता यह होगी कि इसमें 500 से अधिक लोक कलाकार, सांस्कृतिक दल एवं विभिन्न विधाओं के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति को जीवंत करेंगे। 21 दिनों तक चलने वाले इस सांस्कृतिक महाकुंभ में कुमाऊँनी, गढ़वाली, जौनसारी एवं उत्तराखंड की विभिन्न लोक परंपराओं की मनमोहक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
महोत्सव में उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से जनप्रतिनिधि, मंत्री, सांसद, विधायक, उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियां, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के माननीय मुख्यमंत्रियों एवं केंद्रीय मंत्रियों की सहभागिता की संभावना है। आयोजन राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समन्वय और भारतीय लोक परंपराओं के संरक्षण का एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
महोत्सव परिसर में 150 से अधिक प्रदर्शनी एवं व्यावसायिक स्टॉल, उत्तराखंडी उत्पादों की प्रदर्शनी, पर्यटन प्रचार केंद्र, महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल, हस्तशिल्प प्रदर्शनी, पारंपरिक व्यंजन, युवा उद्यमिता मंच एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन उत्तराखंड की संस्कृति, पर्यटन, व्यापार और लोक कला को राष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहित करने का कार्य करेगा।
उत्तराखंड लोक महोत्सव 2026 का उद्देश्य देशभर में निवास कर रहे उत्तराखंडवासियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना, युवा पीढ़ी को अपनी विरासत से परिचित कराना तथा उत्तराखंड की समृद्ध परंपराओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है। आयोजन को लेकर देशभर के सांस्कृतिक संगठनों, कलाकारों एवं समाज के विभिन्न वर्गों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
मुख्य संयोजक- उत्तराखंड की खोज फ़ाउंडेशन
कार्यक्रम विवरण
कार्यक्रम: उत्तराखंड लोक महोत्सव 2026
अवधि: 21 दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव
दिनांक: 25 अगस्त 2026 से 14 सितंबर 2026
स्थान: रामलीला मैदान, रोहिणी सेक्टर-16, नई दिल्ली
लोक कलाकार: 500 से अधिक
प्रदर्शनी एवं व्यावसायिक स्टॉल: 150 से अधिक




