छठ पूजा पर दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था सख्त, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन; वैकल्पिक रास्तों और पार्किंग की व्यवस्था

छठ पूजा के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 15 और 16 नवंबर को ईस्ट दिल्ली, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली और शाहदरा में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है।

नई दिल्ली। छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। 15 और 16 नवंबर को यमुना घाटों सहित राजधानी के विभिन्न छठ घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली और शाहदरा जिले के कई इलाकों में यातायात प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन लागू रहेंगे।

ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से घाटों के आसपास की सड़कों पर जाने से बचने और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। एडवाइजरी के अनुसार, शास्त्री पार्क से खजूरी चौक और वापस पुस्ता रोड, नानकसर टी-पॉइंट से सोनिया विहार टोल टैक्स तथा शांतिवन से श्मशान घाट तक के मार्गों पर यातायात का दबाव रहने की आशंका है। ऐसे में इन रास्तों से गुजरने वाले लोगों को यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

उत्तर, मध्य, पूर्वी और नई दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालक दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और जीटी रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं, नानकसर टी-पॉइंट से खजूरी चौक, आरटीसी पुस्ता रोड और सभापुर गांव होते हुए सोनिया विहार चौहान पट्टी तक पहुंचने के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी की है। इसके तहत डीएनडी के पास यमुना खादर, वेस्ट विनोद नगर, खजूरी मेट्रो स्टेशन के निकट, नानकसर गुरुद्वारा पार्किंग, पीपल्स ग्राउंड और पुराने लोहे के पुल के पास पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। इसके अलावा नंद नगरी, मंडोली टीला और पुस्ता रोड पर भी निर्धारित स्थानों पर वाहन खड़े करने की व्यवस्था की गई है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क किनारे या प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन पार्क न करें, क्योंकि इससे यातायात बाधित होने के साथ-साथ जाम की स्थिति पैदा हो सकती है। पुलिस ने लोगों से छठ पूजा के दौरान यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button