दिल्ली सरकार के टैलेंट हंट ‘हौसलों की उड़ान’ में प्रतिभा दिखाएंगी उभरती गायिका ज्योति श्रीवास्तव

राजू बोहरा / वरिष्ठ संवाददाता
नई दिल्ली। अपनी मधुर आवाज़ और निरंतर साधना के दम पर उभरती गायिका ज्योति श्रीवास्तव संगीत जगत में तेजी से अपनी पहचान बना रही हैं। मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली ज्योति वर्तमान में अपने परिवार के साथ दिल्ली में निवास करती हैं।
उन्होंने अपने संगीत सफर की शुरुआत भजन-कीर्तन से की थी। वर्तमान में वह गंधर्व महाविद्यालय से शास्त्रीय संगीत की शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। रफी नाइट, लता नाइट, आशा नाइट, ट्रिब्यूट टू ऑल लेजेंड्स सहित कई प्रतिष्ठित संगीत कार्यक्रमों और लाइव शो में अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से वह श्रोताओं की सराहना बटोर चुकी हैं। उन्हें अभिनेता मुकेश ऋषि, गायक कुमार विशु, किशोर भानुशाली (जूनियर देवानंद), विंदू दारा सिंह, शहबाज़ खान और अनिल धवन सहित कई चर्चित कलाकारों के साथ मंच साझा करने का अवसर भी मिला है।

ज्योति अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरु एवं संगीत प्रशिक्षक आकाश पुरी तथा अपने परिवार के सहयोग को देती हैं। उनका कहना है कि कठिन परिस्थितियों और आलोचनाओं के बावजूद गुरु के मार्गदर्शन और परिवार के विश्वास ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इसी क्रम में ज्योति श्रीवास्तव ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की पहल “हौसलों की उड़ान (Delhi Talent Hunt)” में भाग लेने के लिए आवेदन किया है। उनका मानना है कि यह मंच उनकी प्रतिभा को नई पहचान देने और संगीत के क्षेत्र में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।




