राज्यसभा सदस्य बनने पर डा. अल्का गुर्जर का अभिनंदन, ओबीसी मोर्चा कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा की सह प्रभारी डा. अल्का गुर्जर के राज्यसभा सदस्य चुने जाने पर दिल्ली भाजपा के ओबीसी मोर्चा के पूर्वी दिल्ली कार्यकर्ताओं ने प्रदेशाध्यक्ष सुनील यादव की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में उनका भव्य अभिनंदन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने बड़ी संख्या में उपस्थित ओबीसी मोर्चा कार्यकर्ताओं और शाहदरा जिला भाजपा पदाधिकारियों को संबोधित किया। दोनों नेताओं ने डा. अल्का गुर्जर द्वारा पिछले चार वर्षों में दिल्ली भाजपा को दिए गए सफल संगठनात्मक मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।
पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ओबीसी कार्यकर्ताओं की ओर से डा. अल्का गुर्जर का अभिनंदन पूर्व विधायक नसीब सिंह के साथ 360 गांव पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सोलंकी, राम खिलाड़ी यादव, डा. यू.के. चौधरी, मनीष चौधरी, लोकेश नम्बरदार, अमित यादव, तापसी प्रधान, आकाश जेलदार, श्याम कुमार, हिमांशु यादव, वरुण सैनी, विकास यादव, मनोज चौधरी, गौरव डोडा, सोमपाल पांचाल, मोहित नागर और डा. पुष्पेंद्र राठौर सहित अनेक पदाधिकारियों ने किया। कार्यक्रम में मयूर विहार जिलाध्यक्ष विजेंद्र धामा, शाहदरा जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक गाबा और महिला मोर्चा अध्यक्ष ऋचा पांडे भी मौजूद रहीं।
हर्ष मल्होत्रा ने अपने संबोधन में कहा कि डा. अल्का गुर्जर ने पिछले लगभग चार वर्षों में संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से ओबीसी वर्ग को भाजपा से जोड़ने में योगदान दिया है।
सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि आजादी के बाद यह पहला अवसर है जब गुर्जर समाज से चार सांसद हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओबीसी समाज को नेतृत्व देने का काम किया है और विभिन्न स्तरों पर समाज को प्रतिनिधित्व मिला है।
डा. अल्का गुर्जर ने अपने संबोधन में संगठन और ओबीसी समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जहां हर कार्यकर्ता का सम्मान होता है। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि दिल्ली में सरकार बनने के बाद जिम्मेदारियां और बढ़ गई हैं, जिन्हें पूरी निष्ठा से निभाना होगा।
ओबीसी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि डा. अल्का गुर्जर ओबीसी कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक के समान हैं और उनके संगठनात्मक योगदान के चलते उन्हें राज्यसभा की सदस्यता देकर सम्मानित किया गया है।




