ग्रेटर नोएडा के जिम्स में इकट्ठा हो रहे कर्मचारियों को पुलिस ने दौड़ाया, एक महिला कर्मचारी नाले में गिरी
ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में आउटसोर्स कर्मचारियों की हड़ताल के 11वें दिन पुलिस ने इकट्ठा हो रहे कर्मचारियों को दौड़ाया, जिससे एक महिला कर्मचारी नाले में गिर गई।

ग्रेटर नोएडा। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में आउटसोर्स कर्मचारियों की मांगों को लेकर चल रही हड़ताल के 10 वें दिन रात में हुए बवाल के बाद 11 वें दिन यानी बृहस्पतिवार को एकत्र हो रहे कर्मचारियों को पुलिस ने दौड़ाया। इस दौरान एक महिला कर्मचारी नाले में गिर गई। जिसे साथी कर्मचारियों ने ही बाहर निकाला। कर्मचारियों का आरोप कि जब महिला नाले में गिर गई तो उसको निकालने की बजाय वहां से सभी पुलिस वाले चले गए। बता दें कि आउटसोर्स कर्मचारी खुद को नियमित या संविदा पर किए जाने की मांग कर रहे हैं।
साथ ही हाल ही में निकाली गई भारती को रद करने की मांग कर रहे हैं। इन मांगों को लेकर कर्मचारी बीते 10 दिनों से जिम्स परिसर में ही हड़ताल पर बैठे हुए थे। बुधवार को जिला प्रशासन पुलिस और जिम्स प्रशासन के साथ कर्मचारियों की चली करीब 28 घंटे की वार्ता में कोई सकारात्मक समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद कर्मचारी दोबारा अपना हड़ताल पर बैठ गए और अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे। कर्मचारियों का आरोप है कि 10वें दिन हुई बातचीत में उनके द्वारा थोपी जा रही जबरदस्ती की चीजों को नहीं मानने पर पुलिस ने रात में लाठीचार्ज कर दी। आरोप लगाया कि जिम्स प्रशासन ने हड़ताल स्थल की लाइट और सभी कैमरे बंद कर दिए थे और मुख्य गेट के साथ इमरजेंसी गेट भी बंद कर दिया गया।
इसके बाद पुलिस ने बल का प्रयोग करते हुए उन लोगों को हड़ताल स्थल से उठाने का प्रयास किया जब उन लोगों ने विरोध जताया तो पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज की, यहां तक की पुरुष पुलिसकर्मियों ने महिला कर्मचारियों को भी नहीं बक्शा। वीडियो बनाने वाले लोगों से मोबाइल छीनने की कोशिश की गई और उनको टारगेट करके मारा गया। पहले तो 17 नंबर ओपीडी के सामने बैठाया गया फिर रात करीब 12:30 बजे के बाद सभी को बस में बैठाकर पुलिस लाइन ले जाया गया। वहीं रात में हुए बवाल के बाद जब कुछ बचे कर्मचारी सुबह अपनी मांगों को लेकर जिम्स परिसर में एकत्रित होना शुरू हुए तो पुलिस ने फिर उन्हें दौड़ा लिया।
कर्मचारियों का आरोप है कि पुलिस के दौड़ने पर एक महिला कर्मचारी नाले में गिर गई। जब वह नाले में गिरी तो पुलिस उसे निकलने की बजाय वहां से तुरंत वापस चली गई। नाले में गिरी महिला कर्मचारी को साथी कर्मचारियों ने बाहर निकाला। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। वहीं कर्मचारियों का आरोप है कि जीपीयू के एम ब्लाक में बने हॉस्टल में रह रहे कर्मचारियों को पुलिस ढूंढ-ढूंढ कर उठा रही है।




