ग्रेटर नोएडा में फैक्ट्री चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार; तीन करोड़ का माल बरामद

पीछे से एग्जास्ट फैन उखाड़कर फैक्ट्री में घुसे थे बदमाश, पेटीएम प्रिंटर और सेटअप बॉक्स समेत इलेक्ट्रॉनिक सामान किया पार

ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्ट्री में हुई चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 3172 पेटीएम प्रिंटर, मशीनें, 147 सेटअप बॉक्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
एडीसीपी स्वतंत्र सिंह के मुताबिक, सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित ऑइनोट्रानिक्स फैक्ट्री में चोरी की वारदात हुई थी। फैक्ट्री प्रबंधन की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी बीच बुधवार रात पुलिस को सूचना मिली कि चोरी का माल एक लोडर में भरकर बेचने के लिए ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने न्यू दादरी रेलवे स्टेशन के पास जंगल में घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध लोडर को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस ने वाहन से चोरी का इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद करते हुए तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गाजियाबाद के पसौंडा निवासी बिलाल, बुलंदशहर के ग्राम बालखा निवासी सलमान और ग्राम दरियापुर निवासी आदिल के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 9 अक्टूबर की रात अपने अन्य साथियों के साथ फैक्ट्री में चोरी करने की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने फैक्ट्री के पीछे वाले हिस्से से प्रवेश करने की योजना बनाई थी। उन्होंने पीछे लगा एग्जास्ट फैन उखाड़ दिया और उसी रास्ते से अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद फैक्ट्री से पेटीएम मशीनों, एयरटेल सेटअप बॉक्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान से भरे कार्टून निकालकर लोडर में लादे और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है। बरामद माल में 3172 पेटीएम प्रिंटर, मशीनें, 147 सेटअप बॉक्स समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं। पुलिस के अनुसार बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ रुपये है।
एडीसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं। इनमें इमरान उर्फ पंगा, फरमान, राशिद और वसीम समेत अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित कर दी हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका के साथ-साथ चोरी के माल को खपाने की योजना और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button