नोएडा ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन, एक दिन में काटे 5 हजार से ज्यादा चालान
नोएडा यातायात पुलिस ने प्रेशर हॉर्न लगाने वाले 22 वाहनों सहित कुल 5,651 वाहनों का चालान किया।

नोएडा। नोएडा में प्रेशर हॉर्न लगाकर फर्राटा भरने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने रविवार को भी कार्रवाई की। दिनभर में 22 वाहन चालकों के चालान किए।
उधर, यातायात पुलिस टीम ने दिनभर में 5,651 चालान काटे। लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया। गौतमबुद्ध नगर यातायात पुलिस ने रविवार को यातायात नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। एडीसीपी यातायात संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि अभियान के दौरान मैनुअल तरीके से 2154 व आईएसटीएमएस कैमरों से 3497 वाहनों के चालान काटे गए।
बताया कि इनमें बिना हेलमेट वाले 1987, ओवरस्पीड के 266, तीन सवारी बैठकर चलने वाले 47, मोडिफाई साइलेंसर का प्रयोग करने वाले नौ, विपरीत दिशा में फर्राटा भरने वाले 441 व नो पार्किंग वाले 509 वाहन शामिल रहे। उन्होंने बताया कि आगे भी अभियान चलाकर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।




