लोकसंस्कृति की आवाज सुमन मधवाल को दिल्ली विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने किया सम्मानित

राजू बोहरा / वरिष्ठ संवाददाता

नई दिल्ली। उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और संगीत की पहचान को आगे बढ़ाने में जुटीं उभरती लोकगायिका एवं गीतकार सुमन मधवाल को दिल्ली विधानसभा में आयोजित एक गरिमामय समारोह में सम्मानित किया गया।हिमालयन रिसोर्सेज एन्हांसमेंट सोसाइटी की ओर से दिल्ली विधानसभा के एमएलए लाउंज-द्वितीय में बिजनेस उत्तरायणी श्रृंखला के अंतर्गत 26वें उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस एवं ‘उत्सव ऊर्जा मिलन-2026’ का आयोजन हाल ही में किया गया।

इस अवसर पर दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने सुमन मधवाल को महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया।

सुमन मधवाल लोकगायन और गीत लेखन के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को स्वर देने का प्रयास कर रही हैं। संगीत के प्रति उनकी रुचि और रचनात्मक सोच उन्हें एक अलग पहचान दिला रही है। वह केवल लोकसंगीत तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी सक्रिय रहकर सामाजिक सरोकारों से जुड़ी हुई हैं। कला और समाजसेवा के प्रति उनका यह समर्पण महिला सशक्तिकरण की भावना को भी मजबूती प्रदान करता है।

कार्यक्रम में उत्तराखंड की कला, संस्कृति, समाजसेवा, शिक्षा, साहित्य, उद्यमिता और विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता मोहन सिंह बिष्ट ने की, जबकि आयोजन को अधिवक्ता महेश सिंह बिष्ट का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन बिजनेस उत्तरायणी के संस्थापक नीरज बवाड़ी ने किया।
सुमन मधवाल को मिला यह सम्मान उनके सांस्कृतिक एवं सामाजिक योगदान को मिली एक महत्वपूर्ण पहचान है। उनकी उपलब्धि से उत्तराखंड की लोकप्रतिभाओं और विशेषकर महिला कलाकारों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

Related Articles

Back to top button