140 रुपये का फिल्टर सामान्य पंखे को बनाएगा एयर प्यूरीफायर, दिल्ली के दो छात्रों की पहल को मिला डायना अवार्ड

दिल्ली के कृष अग्रवाल और समर्थ ने एक किफायती एयर फिल्टर बनाया है, जो सामान्य पंखे को एयर प्यूरीफायर में बदल देता है। यह 'प्रोजेक्ट वायु' स्कूलों में स्वच्छ हवा उपलब्ध करा रहा है और 10,000 से अधिक छात्रों को लाभान्वित कर चुका है।

प्रोजेक्ट वायु चलाने वाले समर्थ और कृष।

दक्षिणी दिल्ली। राजधानी में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच दिल्ली के दो स्कूली छात्रों ने कम लागत में स्वच्छ हवा उपलब्ध कराने की दिशा में एक अनूठा नवाचार किया है। कृष अग्रवाल और समर्थ ने मिलकर ऐसा फिल्टर तैयार किया है, जिसे सामान्य पंखे पर लगाकर उसे एयर प्यूरीफायर के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। खास बात यह है कि इस फिल्टर को तैयार करने में महज 140 रुपये का खर्च आता है। छात्रों की इस पहल को वर्ष 2026 के डायना अवार्ड रोल ऑफ ऑनर में भी स्थान मिला है।

दक्षिणी दिल्ली के संस्कृति स्कूल में 12वीं कक्षा के छात्र कृष अग्रवाल और वसंत वैली स्कूल में 11वीं कक्षा के छात्र समर्थ ने इस पहल की शुरुआत ‘प्रोजेक्ट वायु’ के नाम से की। इसका उद्देश्य ऐसे स्कूलों के विद्यार्थियों तक स्वच्छ हवा पहुंचाना है, जहां महंगे एयर प्यूरीफायर लगाने के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध नहीं है।

समर्थ के अनुसार, इस परियोजना पर करीब तीन साल पहले काम शुरू किया गया था। पिछले साल पायलट प्रोजेक्ट के तहत दिल्ली के कई स्कूलों में फिल्टर लगाए गए। अब दोनों छात्रों का लक्ष्य इस तकनीक को दिल्ली से बाहर देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचाना है, ताकि कम खर्च में अधिक से अधिक बच्चों को इसका लाभ मिल सके।

फिल्टर की खासियत इसकी सरल तकनीक और आसान इस्तेमाल है। इसमें इलेक्ट्रोस्टैटिकली चार्ज्ड फाइबर्स का उपयोग किया गया है, जो हवा में मौजूद पीएम 2.5 जैसे महीन प्रदूषक कणों को आकर्षित कर अपने भीतर रोकने में मदद करते हैं। इसका गुब्बारे जैसा डिजाइन पंखा चलने पर फैल जाता है और फिल्टर का सतह क्षेत्र पांच वर्ग फीट से अधिक हो जाता है। इसे टेबल और दीवार पर लगे सामान्य पंखों पर इलास्टिक की मदद से लगाया जा सकता है। छात्रों के मुताबिक, इसे लगाने में एक मिनट से भी कम समय लगता है।

पायलट प्रोजेक्ट के तहत दिल्ली के स्कूलों की 295 कक्षाओं में अब तक 602 फिल्टर लगाए जा चुके हैं। इससे करीब आठ हजार विद्यार्थियों को लाभ पहुंचा है। वहीं, वंचित वर्ग के स्कूलों को शामिल करते हुए इस पहल से अब तक 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंच बनाई जा चुकी है।

डायना अवार्ड रोल ऑफ ऑनर में स्थान मिलना भी इस पहल की अहम उपलब्धि है। इस सम्मान में दुनिया के 44 देशों से करीब 200 ऐसे युवाओं को शामिल किया गया है, जिनकी उम्र 16 से 25 वर्ष के बीच है और जिन्होंने सामाजिक कार्य, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण तथा मानवता की सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

दिल्ली में प्रदूषण की गंभीर चुनौती के बीच कृष और समर्थ का यह प्रयास दिखाता है कि सीमित संसाधनों में भी युवा अपनी तकनीकी सोच और पहल से समाज की समस्याओं का समाधान खोजने की दिशा में काम कर सकते हैं। हालांकि, इस तरह के फिल्टर के वास्तविक उपयोग और प्रभाव का आकलन प्रमाणित वायु गुणवत्ता परीक्षणों के आधार पर किया जाना जरूरी है।

Related Articles

Back to top button