कॉकरोच जनता पार्टी के सौरव दास और आशुतोष रांका को सात दिन बाद जमानत, माफीनामा और शपथ पत्र के बाद रिहाई

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सहसंयोजक सौरव दास और आशुतोष रांका की जमानत पर आज तीसरी बार सुनवाई हुई और उन्हें जमानत मिल गई है।

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सहसंयोजक सौरव दास और आशुतोष रांका को बुधवार को सात दिन बाद तिहाड़ जेल से जमानत मिल गई। दोनों नेताओं से लिखित माफीनामा और शपथ पत्र लेने के बाद अदालत ने उन्हें जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों नेताओं को मंदिर मार्ग स्थित विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। करीब डेढ़ घंटे तक चली सुनवाई के बाद अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रखा और बाद में दोनों को जमानत देने का निर्णय सुनाया।
यह दोनों नेताओं की अदालत में तीसरी पेशी थी। इससे पहले हुई दो पेशियों में उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई थी। तीसरी पेशी के दौरान जमानत बांड भरवाए गए और जमानतदारों से संबंधित औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद अदालत ने दोनों की रिहाई का रास्ता साफ कर दिया।
दोनों नेताओं को पिछले दिनों एक मामले में गिरफ्तार किए जाने के बाद तिहाड़ जेल भेजा गया था। उनकी जमानत को लेकर अदालत में लगातार सुनवाई चल रही थी। बुधवार की सुनवाई के बाद उन्हें राहत मिली और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने पर जेल से रिहाई की प्रक्रिया शुरू हुई।

Related Articles

Back to top button