दिल्ली में नकली ईनो और फेवीक्विक बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी में नकली ईनो और फेवीक्विक बनाने वाले एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में घोंडा और नांगलोई से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नकली एफएमसीजी उत्पाद तैयार कर उनकी सप्लाई करने वाले कथित सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घोंडा और नांगलोई स्थित गोदाम व अवैध निर्माण इकाई पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में नकली ईनो और फेवीक्विक, कच्चा माल, पैकेजिंग सामग्री और मशीनरी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घोंडा निवासी नवीन सिंघल और वेस्ट घोंडा निवासी बलराज बंसल के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि नवीन सिंघल कथित तौर पर नकली उत्पादों की सप्लाई करता था और खारी बावली के तिलक बाजार में कार्यालय के जरिए कारोबार संचालित कर रहा था। पुलिस के मुताबिक वह पहले भी इसी तरह के दो मामलों में शामिल रहा है। वहीं बलराज बंसल पर नकली उत्पाद तैयार करने और उनकी पैकेजिंग करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार वह भी पहले ऐसे ही एक मामले में शामिल रहा है।
क्राइम ब्रांच को दिल्ली-एनसीआर में नकली एफएमसीजी उत्पादों के निर्माण और आपूर्ति की सूचना मिली थी। इसके बाद एसीपी विवेकानंद पाठक और इंस्पेक्टर रोबिन त्यागी के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने 17 और 18 अक्टूबर को ब्रांड प्रोटेक्शन एजेंसी के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में घोंडा और नांगलोई में कार्रवाई की। नांगलोई स्थित फैक्ट्री में इलेक्ट्रिक एफएफएस मशीन चालू हालत में मिली, जिस पर कथित तौर पर नकली पाउडर की पैकिंग की जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक छापेमारी में करीब 1,97,856 पैक किए हुए नकली ईनो पाउच बरामद हुए, जो 229 कार्टन में रखे थे। इसके अलावा करीब चार लाख बिना पैक किए पाउच, 200 किलोग्राम साइट्रिक एसिड, तीन लाख से अधिक ईनो स्टिकर और करीब 100 किलोग्राम पैकिंग रोल भी बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि बरामद साइट्रिक एसिड से बड़ी संख्या में अतिरिक्त पाउच तैयार किए जा सकते थे।
कार्रवाई के दौरान फेवीक्विक के 1,12,560 भरे हुए पाउच तथा दो लाख से अधिक पाउच तैयार करने से संबंधित पैकेजिंग सामग्री भी मिली। इसके अलावा नामी ब्रांडों के नाम से कथित तौर पर इस्तेमाल किए जा रहे फर्जी पैकिंग डिब्बे और अन्य सामग्री भी बरामद की गई। मौके से इलेक्ट्रिक फॉर्म-फिल-एंड-सील मशीन और हीट-सीलिंग गन समेत अन्य उपकरण जब्त किए गए।
पुलिस दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसी अब कथित नेटवर्क की सप्लाई चेन, कच्चे माल के स्रोत और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Related Articles

Back to top button