चर्चित नाटक ‘घोस्ट्स’ का सफल मंचन, कला-संस्कृति क्षेत्र में योगदान के लिए विजय पाल रहे मुख्य अतिथि

राजू बोहरा /वरिष्ठ संवाददाता
नई दिल्ली। अक्षरा थिएटर ऑडिटोरियम नई दिल्ली में अनुरागना थिएटर ग्रुप द्वारा चर्चित नाटक ‘घोस्ट्स’ का प्रभावशाली मंचन हुआ। नाटकों के प्रसिद्ध निर्देशक अशरफ अली के निर्देशन में प्रस्तुत इस नाटक ने दर्शकों को मनोरंजन के साथ समाज की सोच, सामाजिक मूल्यों और उन छिपे पहलुओं पर विचार करने का अवसर दिया, जिन्हें अक्सर नजरअंदाज किया जाता है।
कार्यक्रम में कलर कैनवास आर्ट अखबार के संस्थापक एवं कला-संस्कृति क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय विजय पाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उनका विशेष स्वागत एवं सम्मान किया गया। उन्होंने नाटक की प्रस्तुति और कलाकारों के अभिनय की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सार्थक नाटक समाज को सोचने और संवेदनशील बनने की प्रेरणा देते हैं।

नाटक में पूनम सिंह वर्मा, श्रेया कुमार, अंकित सती, चिराग गोयल और विनय कुमार ने अपने अभिनय से दर्शकों को प्रभावित किया। नाटक की कहानी पुराने रहस्यों और सामाजिक बंधनों को केंद्र में रखते हुए मानवीय संवेदनाओं को प्रभावी ढंग से सामने लाती है।
इस अवसर पर लेखक एवं निर्देशक संजय सिंह और वरिष्ठ फ़िल्म पत्रकार एवं समीक्षक राजू बोहरा भी मौजूद रहे। पूरी टीम ने नाटक को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दर्शकों ने कलाकारों के अभिनय, निर्देशन और प्रस्तुति की सराहना की।




