दिल्ली नौकरानी हत्याकांड में डॉक्टर ने कबूला अपना जुर्म, काला जादू वाला एंगल भी आया सामने

दक्षिणी दिल्ली के माउंट कैलाश में घरेलू सहायिका मीना की हत्या के आरोप में त्वचा रोग विशेषज्ञ मनीष गुप्ता को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। चिकित्सक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और पुलिस अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

दक्षिणी दिल्ली। माउंट कैलाश इलाके में घरेलू सहायिका की हत्या के मामले में कोर्ट ने शुक्रवार को आरोपी त्वचा रोग विशेषज्ञ मनीष गुप्ता को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। चिकित्सक पर अपने घर में 45 वर्षीय घरेलू सहायिका मीना की हत्या का आरोप है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। न्यायिक मजिस्ट्रेट अनुराग छाबड़ा ने दिल्ली पुलिस की हिरासत की मांग वाली अर्जी पर सुनवाई करते हुए इसे मंजूरी दी। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि हत्या से पहले कोई विवाद हुआ था या नहीं और घटना के समय घर में अन्य सदस्य मौजूद थे या नहीं।
स्थानीय लोगों और आसपास काम करने वाली घरेलू सहायिकाओं ने बताया कि घटना से कुछ समय पहले छत से चीखने की आवाजें सुनी गई थीं। पुलिस के मुताबिक, हत्या क्रिकेट बैट से हमला कर और कई बार चाकू घोंपकर की गई। आरोपी को शक था कि मृतका काला जादू करती है और परिवार में हो रहे विवादों के लिए वही जिम्मेदार है।
पुलिस ने अदालत में कहा कि मामले में यह पता लगाना जरूरी है कि क्या इस वारदात में कोई और भी शामिल था और घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटानी हैं। वहीं बचाव पक्ष के वकील ने पुलिस हिरासत का विरोध करते हुए कहा कि आरोपी पहले ही 24 घंटे से पुलिस की कस्टडी में है और आवश्यक साक्ष्य जब्त किए जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी एंटी-डिप्रेसेंट दवाएं ले रहा था और उसने कथित तौर पर अपनी घरेलू सहायिका पर घर की छत पर हमला किया। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर वह खून से सने शव के पास खड़ा मिला और उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने बताया कि हत्या के पीछे की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है और परिवारिक विवाद तथा आरोपी की मानसिक स्थिति समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी की पत्नी आयुर्वेदिक डर्मेटोलॉजिस्ट हैं, जबकि उनका 20 वर्षीय बेटा हाल ही में 12वीं की परीक्षा पास कर चुका है।

Related Articles

Back to top button