ज्योति नगर पुलिस ने शातिर चोर को दबोचा, तीन मोबाइल फोन व नकदी बरामद

उत्तर पूर्वी दिल्ली। थाना ज्योति नगर पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर चोरी के एक मामले का खुलासा किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए तीन मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, यह मामला ई-एफआईआर संख्या 80048888/2026 दिनांक 13 जून 2026 के तहत दर्ज किया गया था, जिसमें उत्तर छज्जूपुर, शाहदरा निवासी मानस कालरा ने अपने घर से तीन मोबाइल फोन और करीब 1.25 लाख रुपये नकद चोरी होने की शिकायत दी थी। मामले में धारा 305 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, जबकि बरामदगी के बाद धारा 317(2) बीएनएस भी जोड़ी गई।
मामले की जांच के लिए एएसआई नरेश बालियान, हेड कांस्टेबल अनुज कुमार, राहुल पूनिया, कुलदीप, कांस्टेबल अनिल कुमार और राजदीप की टीम का गठन किया गया, जिसका नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश कर रहे थे। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने, तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर्दमपुरी निवासी सुहैल उर्फ आमिर (28) के रूप में की।
पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वनप्लस, आईफोन 16 प्रो मैक्स और आईफोन 14 समेत तीन मोबाइल फोन और 6,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पूर्व में भी चोरी और सेंधमारी के छह मामलों में शामिल रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button