किडनैपिंग के मामले में वर्षों से फरार घोषित अपराधी गिरफ्तार

नई दिल्ली। द्वारका जिला पुलिस ने अपहरण के एक पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे घोषित अपराधी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी कई वर्षों से न्यायिक प्रक्रिया से बचता फिर रहा था, जिसे पुलिस ने लगातार प्रयासों के बाद दबोच लिया।
पुलिस पोस्ट सेक्टर-10, थाना द्वारका साउथ की टीम ने 30 मई 2026 को आरोपी मोहन उर्फ नूनी उर्फ संजय पुत्र लतूरा, उम्र 43 वर्ष को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से महुआ, उत्तर प्रदेश का निवासी है और वर्तमान में रोहिणी के सेक्टर-24 स्थित जेजे कॉलोनी में छिपकर रह रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2018 में दर्ज अपहरण के एक मामले (एफआईआर संख्या 333/2018, धारा 363 आईपीसी) में वांछित था। वह वर्ष 2019 से लगातार अदालत की कार्यवाही से बच रहा था। उसकी लगातार गैरहाजिरी को देखते हुए माननीय न्यायालय ने अगस्त 2025 में उसे घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।
विशेष सूचना के आधार पर एसआई रजत मलिक, हेड कांस्टेबल परवेश दहिया और हेड कांस्टेबल पवन की टीम ने लगातार प्रयास करते हुए आरोपी का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से न्यायिक प्रक्रिया को मजबूती मिली है और यह स्पष्ट संदेश गया है कि अपराध कर फरार रहने वाले आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। द्वारका जिला पुलिस ने बताया कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और उन्हें न्याय के दायरे में लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।



