नोएडा साइबर क्राइम थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित, बिना सूचना दबिश देने का आरोप

काम में लापरवाही बरतने पर गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर ने चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। बिना बताए दबिश के लिए टीम भेजी गई थी।

गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह

नोएडा। गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने साइबर क्राइम थाने के प्रभारी विजय सिंह राणा समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। आरोप है कि थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दिए बिना ही दबिश देने के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी थी। प्रारंभिक जांच में इसे विभागीय कार्यप्रणाली में लापरवाही मानते हुए यह कार्रवाई की गई।

निलंबित पुलिसकर्मियों में थाना प्रभारी विजय सिंह राणा, सब इंस्पेक्टर विकास और हेड कॉन्स्टेबल विनय कुमार व कमल शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, किसी स्थान पर दबिश देने के लिए टीम भेजने से पहले संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देना जरूरी होता है, लेकिन इस मामले में निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया।

बताया गया कि जब वरिष्ठ अधिकारियों को बिना पूर्व सूचना पुलिस टीम भेजे जाने की जानकारी मिली तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लिया। इसके बाद शुरुआती जांच कराई गई, जिसमें लापरवाही सामने आने पर थाना प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। कार्रवाई के बाद साइबर क्राइम थाने में नए प्रभारी की नियुक्ति नहीं हुई है।

गौतमबुद्ध नगर पुलिस में हाल के दिनों में थाना प्रभारियों के खिलाफ यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले पिछले सप्ताह पुलिस कमिश्नर ने नोएडा के फेस-3 और सेक्टर-49 थानों के प्रभारियों को भी पद से हटा दिया था। दिवाली के बाद विभाग में कुछ अन्य थाना प्रभारियों के तबादले की चर्चा भी चल रही है।

Related Articles

Back to top button