ओटीटी पर देख सकते हैं पवन कल्याण की ये चर्चित फिल्में, एक्शन से लेकर इमोशनल ड्रामा तक का मिलेगा मनोरंजन
पावरस्टार पवन कल्याण की फिल्में जो आप थिएटर में देखने से चूक गए, उन्हें ओटीटी पर एंजॉय कर सकते हैं।

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। दक्षिण भारतीय सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता पवन कल्याण अपनी फिल्मों के साथ-साथ आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री के रूप में भी चर्चा में रहते हैं। इन दिनों उनकी निजी जिंदगी को लेकर भी खबरें सामने आ रही हैं। हालांकि, उनकी पहचान का बड़ा हिस्सा सिनेमा और पर्दे पर निभाए गए यादगार किरदारों से जुड़ा है। जिन दर्शकों ने उनकी कुछ चर्चित फिल्में सिनेमाघरों में नहीं देखीं, वे अब विभिन्न ओटीटी प्लेटफॉर्म पर उनका आनंद ले सकते हैं।
पवन कल्याण की 2025 में रिलीज हुई एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘दे कॉल हिम ओजी’ नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है। फिल्म की कहानी 1990 के दशक के मुंबई के अंडरवर्ल्ड की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें पवन कल्याण एक दमदार किरदार में नजर आते हैं, जबकि इमरान हाशमी ने खलनायक की भूमिका निभाई है।
फिल्म ‘भीमला नायक’ में पवन कल्याण ने एक सख्त और ईमानदार पुलिस अधिकारी का किरदार निभाया है। कहानी में उनका सामना राणा दग्गुबाती के निभाए प्रभावशाली और अहंकारी किरदार से होता है। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर देखी जा सकती है।
‘वकील साब’ पवन कल्याण की एक और चर्चित फिल्म है, जो हिंदी फिल्म ‘पिंक’ का तेलुगु रीमेक है। इसमें उन्होंने वकील सत्यदेव की भूमिका निभाई है, जो तीन युवतियों को न्याय दिलाने के लिए प्रभावशाली लोगों के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ता है। यह फिल्म प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है।
2012 में रिलीज हुई ‘गब्बर सिंह’ भी पवन कल्याण की लोकप्रिय फिल्मों में शामिल है। यह सलमान खान की फिल्म ‘दबंग’ का तेलुगु रीमेक है। फिल्म में पवन कल्याण पुलिस अधिकारी के किरदार में एक्शन और मनोरंजन का मिश्रण पेश करते हैं। इसे प्राइम वीडियो पर देखा जा सकता है।
वहीं, ‘ब्रो’ में पवन कल्याण एक अलग अंदाज में नजर आते हैं। यह फैंटेसी और भावनात्मक ड्रामा पर आधारित फिल्म है, जो उनके एक्शन प्रधान किरदारों से अलग अनुभव देती है। फिल्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है। इसके अलावा दर्शक उनकी फिल्म ‘जलसा’ भी प्राइम वीडियो और जियोहॉटस्टार पर देख सकते हैं।




