फायरिंग के बाद फरार हत्या आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद दबोचा

उत्तर पूर्वी दिल्ली। वेलकम थाना पुलिस ने हत्या के एक फरार आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, तीन खाली कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। आरोपी पहले से ही लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े छह आपराधिक मामलों में शामिल पाया गया है।
पुलिस के अनुसार 5 जून 2026 की रात करीब 9:30 बजे वेलकम थाने को सूचना मिली कि हत्या के एक मामले में वांछित आरोपी रिहान इलाके में मौजूद है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रूपेश खत्री के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया और जाल बिछाकर झील पार्क क्षेत्र में घेराबंदी की गई।
करीब 11 बजे पार्क में दाखिल हो रहे एक व्यक्ति की पहचान मुखबिर ने रिहान के रूप में की। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। पीछा करने पर उसने पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। हेड कांस्टेबल हरेंद्र बाल-बाल बच गए। चेतावनी देने के बावजूद आरोपी ने दो और गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली हरेंद्र की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आत्मरक्षा में पुलिसकर्मी ने आरोपी के पैर पर निशाना साधकर फायर किया, जिससे गोली उसके घुटने के नीचे लगी और वह गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया और इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल भेजा।
घटनास्थल पर पहुंची क्राइम और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। तलाशी में आरोपी के पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद हुई, जिसमें मैगजीन में एक जिंदा कारतूस और चैंबर में एक खर्च कारतूस था, साथ ही दो अन्य खाली कारतूस भी मिले।
इस संबंध में वेलकम थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने हत्या के मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि उसका मृतक के भाई अमानुल्लाह से विवाद चल रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। फिलहाल पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button