दिल्ली में दिवाली पर आग की 214 घटनाएं, एम्स में झुलसे 42 मरीज पहुंचे; 11 की हालत गंभीर

राजधानी दिल्ली में 8 नवंबर को दिवाली के दिन फायर सर्विस डिपार्टमेंट को 214 जगहों पर आग लगने की सूचना मिली। एम्स में पटाखों और अन्य कारणों से झुलसे मरीजों की संख्या 42 है।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में दिवाली का जश्न कई लोगों के लिए हादसे में बदल गया। दीपावली के दौरान पटाखों और आग लगने की घटनाओं ने दमकल विभाग और अस्पतालों की मुश्किलें बढ़ा दीं। दिल्ली फायर सर्विस को दिवाली के दिन आग लगने से संबंधित 214 कॉल मिलीं, जबकि एम्स में पटाखों और अन्य कारणों से झुलसे 42 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इनमें 11 मरीज गंभीर रूप से घायल थे, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा।

दिल्ली फायर सर्विस के चीफ एके मलिक ने सोमवार को बताया कि आठ नवंबर को दमकल विभाग को कुल 257 कॉल मिली थीं। इनमें 214 कॉल आग लगने की घटनाओं से संबंधित थीं। इन घटनाओं में छह लोग घायल हुए। इसके अलावा दमकलकर्मियों को आग की सात बड़ी घटनाओं पर काबू पाने के लिए भेजा गया। जंगल में आग लगने की सूचना भी मिली थी।

एके मलिक के मुताबिक, इस साल दिवाली पर आग लगने की घटनाओं में पिछले वर्ष के मुकाबले कमी दर्ज की गई। पिछले साल दमकल विभाग को आग से जुड़ी 231 कॉल मिली थीं, जबकि इस बार यह संख्या घटकर 214 रही। आग बुझाने के दौरान करीब पांच दमकलकर्मियों को मामूली चोटें आईं, हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं लगी। उन्होंने बताया कि दिवाली की शाम छह बजे से सोमवार सुबह छह बजे तक विभाग को करीब 281 कॉल मिलीं, जिनमें से लगभग 178 कॉल आधी रात तक आ चुकी थीं।

दिल्ली फायर सर्विस की दमकल गाड़ियों को सोनीपत में आग की घटनाओं पर काबू पाने के लिए भी भेजा गया। वहां दिल्ली से पहुंचे तीन दमकल वाहनों ने एक मध्यम श्रेणी और दो बड़ी आग की घटनाओं में मोर्चा संभाला।

दूसरी ओर, एम्स के प्लास्टिक, रिकंस्ट्रक्टिव और बर्न सर्जरी विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, सोमवार सुबह 11 बजे तक झुलसने के 42 मामले अस्पताल पहुंचे थे। इनमें 11 मरीज गंभीर रूप से घायल थे। चार मरीजों को आईसीयू और सात को सामान्य वार्ड में भर्ती करना पड़ा, जबकि 31 मरीजों को मामूली चोटें आई थीं।

एम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कुल 42 मामलों में से 37 मरीज पटाखों से झुलसे थे, जबकि दो मरीज पोटाश से जल गए थे। पोटाश से झुलसने वालों में 13 साल का एक बच्चा भी शामिल था। 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग के लोगों में जलने के 22 मामले दर्ज किए गए। इस आयु वर्ग के अधिकतर मरीजों के हाथ झुलसे थे।

अस्पताल में 60 वर्ष से अधिक उम्र का एक मरीज भी पहुंचा, जिसे आईसीयू में भर्ती करने के बाद सर्जरी करनी पड़ी। एम्स ने यह भी स्पष्ट किया कि आंखों में चोट लगने वाले कुछ मरीज सीधे डॉ. आरपी सेंटर की आई इमरजेंसी में पहुंचे हो सकते हैं। ऐसे में आंखों से जुड़ी चोटों के सभी मामले जारी आंकड़ों में शामिल नहीं भी हो सकते हैं।

Related Articles

Back to top button