नोएडा में किडनी की बीमारी से ग्रस्त बुजुर्ग ने 9वीं मंजिल से कूदकर दी जान

नोएडा में सेक्टर-100 की लोटस बुलेवर्ड सोसायटी में किडनी की बीमारी से ग्रस्त 65 वर्षीय बुजुर्ग ने नौवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी।

नोएडा। नोएडा के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में सेक्टर-100 की लोटस बुलेवर्ड सोसायटी में बुधवार शाम चार बजे किडनी की बीमारी से ग्रस्त 65 वर्षीय बुजुर्ग ने नौवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। टावर में गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग और सुरक्षागार्ड दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे। सभी ने वहां लहूलुहान शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोसायटी के सीसीटीवी कैमरों से फुटेज खंगाली। फोरेंसिंक टीम ने साक्ष्य एकत्रित कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। स्वजनों ने पुलिस को अभी तक लिखित शिकायत नहीं दी है।
पुलिस ने बताया कि टावर नंबर-26 में रहने वाले परमजीत सिंह पिछले लंबे समय से किडनी की बीमारी से ग्रस्त थे। उनका प्राइवेट चिकित्सक से इलाज चल रहा था। वह सेक्टर-35 के ए ब्लाक में परिवार के साथ रहते थे। कुछ दिनों से सोसायटी के फ्लैट में अस्थाई तौर पर रह रहे थे। शाम करीब चार बजे वह बालकनी में पहुंचे और वहां से नीचे की तरफ छलांग लगा दी। नीचे गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम घटना स्थल पर पहुंची। थाना प्रभारी ने घटना स्थल का निरीक्षण कर टीम को साक्ष्य एकत्रित कराए।
इस बीच स्वजनों ने पुलिस को बताया कि बुजुर्ग परमजीत सिंह लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। इस वजह से मानसिक रूप से तनाव में रहते थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का सामने आया है। फिलहाल साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे स्थिति स्पष्ट होगी। इसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम को बुजुर्ग के पास या उनके फ्लैट व घटनास्थल पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

Related Articles

Back to top button