करोड़ों की संपत्ति के लालच में पत्नी को मार डाला, पुलिस ने किया खुलासा, पति गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में प्रेम विवाहिता मोनिका नागर की संदिग्ध मौत के मामले में पति अनुज चौहान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। संपत्ति विवाद में पीट-पीटकर हत्या का आरोप है।

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के थाना दादरी क्षेत्र में एक शादीशुदा महिला की हत्या के मामले में उसके पति को पुलिस ने अरेस्ट किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने करोड़ों रुपये की संपत्ति के लोभ में अपनी पत्नी मोनिका नागर को मार डाला। अपराध में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर कार भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि इस घटना से संबंधित एक आरोपी को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। दादरी थाने के प्रभारी दीनानाथ यादव ने बताया कि थाना क्षेत्र के घोड़ी बछेड़ा गांव के रहने वाले अनुज चौहान ने फरवरी में मोनिका नागर से प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि अनुज मोनिका को दहेज के लिए तंग करता था। मोनिका की हत्या 7 मई को लाठियों से पीट-पीटकर की गई थी। मृतक महिला की मां ने पति अनुज चौहान सहित सात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने अनुज को हजरतपुर गांव से सूरजपुर जाने वाले मार्ग पर नहर के निकट से पकड़ा है।
पुलिस के मुताबिक, मोनिका नागर के पिता का इंतकाल वर्ष 2019 में हो चुका था। उसके बाद उनकी संपत्ति मोनिका और उनकी मां के नाम ट्रांसफर हो गई थी। आरोपी अनुज चौहान मोनिका पर संपत्ति अपने नाम करने का जोर डाल रहा था। इसी संपत्ति के लोभ में मोनिका का कत्ल कर दिया गया। पुलिस अब इस हत्याकांड के अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है।
वहीं, दूसरी ओर नवविवाहिता मोनिका नागर की मौत के मामले में एक नया मोड़ आया है। मोनिका का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह खुद को फांसी लगाती दिख रही है। पुलिस इस वीडियो की गहन जांच में जुट गई है। मृतका की मां की तहरीर के आधार पर पति सहित अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं परिवार का कहना है कि मोनिका ने प्रेम विवाह किया था, मगर विवाह के बाद संपत्ति व पैसे के मुद्दे पर उसे बार-बार तंग किया जाने लगा।
मोनिका की मौत के छह दिन बाद उनका एक वीडियो वायरल हो गया है। इस 6 मिनट 13 सेकंड के क्लिप में मोनिका रोते हुए बोल रही है कि उसकी मौत का कोई जिम्मेदार नहीं। फिर वह पंखे पर दुपट्टा लटकाकर गले में लपेटकर फांसी लगा लेती है। पुलिस ने बताया कि दादरी मामले में हत्या का केस दर्ज है। उन्हें आज एक वीडियो प्राप्त हुआ है, जिसमें मोनिका फांसी लगाते हुए नजर आ रही है।
मृतका का फोन फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस ने आगे यह भी कहा कि मोनिका की मौत के बाद उसके परिजनों ने शव को श्मशान से दूर जलाने का प्रयास किया था। मृतका की मां की शिकायत पर ही केस दर्ज हुआ और आरोपी पति को पकड़ा गया है। मामले की गहन जांच जारी है।
परिजनों के अनुसार, 7 मई को मोनिका ने अपने भाई को कॉल कर कहा था कि ससुराल पक्ष वाले उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। जब परिवार घोड़ी बछेड़ा गांव पहुंचा, तो मोनिका मरी हुई पाई गई। आरोप है कि उसके बाद शव को सड़क के किनारे ले जाकर जलाने की कोशिश की गई, ताकि साक्ष्य नष्ट हो जाएं। पुलिस के मुताबिक, मोनिका और अनुज ने लगभग तीन माह पूर्व कोर्ट मैरिज की थी।
प्रारंभिक जांच में पैसे की लेन-देन व पारिवारिक झगड़ों का मामला उजागर हुआ है। केस के प्रमुख आरोपी पति अनुज चौहान को अरेस्ट कर लिया गया है। पुलिस अब सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की फॉरेंसिक जांच कर रही है। जांच टीमें यह जानने में लगी हैं कि क्या मोनिका ने खुद आत्महत्या की थी या उसे इतना मानसिक उत्पीड़न झेलना पड़ा कि उसने यह कदम उठाया। इसके अलावा हत्या और आत्महत्या के लिए भड़काने, दोनों पहलुओं से जांच चल रही है।




