देश भक्ति से भरपूर संगीतमय कार्यक्रम कार्यक्रम ‘बढ़ते कदम -आत्मनिर्भर भारत की ओर’ का आयोजन आज ‘इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर सभागार” में होगा, सभी क्षेत्र की प्रतिष्ठित हस्तिया करेगी शिरकत

वरिष्ठ संवाददाता / नई दिल्ली

नई दिल्ली स्थित ”इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर के सभागार में आज ‘आर्ट क्रिएशन्स कल्चरल सोसाइटी’ द्वारा देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण की भावना से ओत-प्रोत भव्य संगीतमय कार्यक्रम ‘बढ़ते कदम – आत्मनिर्भर भारत की ओर’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस विशेष आयोजन में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगी।

कार्यक्रम में आईएएस, आईपीएस, आईआरएस, चिकित्सक, न्यायपालिका, सामाजिक कार्यकर्ता, बॉलीवुड गायक एवं अन्य विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे, जो इस देशभक्ति से सराबोर संगीतमय संध्या के साक्षी बनेंगे। यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने की दिशा में प्रेरणा देने वाला एक सार्थक प्रयास भी है। इस अनूठे आयोजन के पीछे ‘आर्ट क्रिएशन्स कल्चरल सोसाइटी’ का उद्देश्य समाज के नवोदित प्रतिभाशाली बच्चों, उभरते कलाकारों तथा जेल से रिहा हुए कैदियों को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा के बल पर आत्मनिर्भर बन सकें और समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।

संस्था के अध्यक्ष नरेश बैसला ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत तेजी से विश्वगुरु बनने की दिशा में अग्रसर है। आज वैश्विक स्तर पर भारत की प्रगति, शक्ति और आत्मनिर्भरता की चर्चा हो रही है, जो प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य आत्मनिर्भर भारत की उपलब्धियों का उत्सव मनाना और राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा को सांस्कृतिक स्वर देना है।

उन्होंने आगे कहा कि संस्था का एक प्रमुख उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सरकारी अधिकारियों—जो अत्यधिक तनावपूर्ण वातावरण में अपनी जिम्मेदारियाँ निभाते हैं, उन्हें संगीत के माध्यम से मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करना भी है। उनका मानना है कि संगीत में हर तनाव को कम करने और मन को सुकून देने की अद्भुत शक्ति होती है।

‘बढ़ते कदम–आत्मनिर्भर भारत की ओर’ केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सरोकार और आत्मनिर्भरता के संकल्प को समर्पित एक प्रेरणादायक पहल है।

Related Articles

Back to top button