‘ऑपरेशन विश्वास’ से मजबूत हुआ भरोसा: 532 खोए/चोरी हुए मोबाइल मालिकों को लौटाए, दिल्ली पुलिस की पहल सराहनीय

पूर्वी दिल्ली। जनता के साथ विश्वास और सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने की दिशा में दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिले द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत 532 खोए एवं चोरी हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। यह कार्यक्रम पूर्वी रेंज स्तर पर महाराजा अग्रसेन कॉलेज, न्यू अशोक नगर में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विशेष पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) जोन-1 देवेश चंद्र श्रीवास्तव तथा विशिष्ट अतिथि संयुक्त पुलिस आयुक्त (पूर्वी रेंज) डॉ. अजीत कुमार सिंगला रहे। इस अवसर पर पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार, उत्तर-पूर्व जिले के डीसीपी श्री राहूल अलवाल, शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, एसीपी, एसएचओ एवं पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत नशा जागरूकता एवं साइबर जागरूकता सत्र से हुई, जिसमें नागरिकों को साइबर ठगी, ओटीपी फ्रॉड, फर्जी निवेश योजनाओं, डिजिटल गिरफ्तारी जैसे अपराधों से बचने के उपाय बताए गए। साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। कार्यक्रम के दौरान दीप प्रज्ज्वलन कर औपचारिक शुभारंभ किया गया तथा कॉलेज प्रशासन को सहयोग के लिए सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में डीसीपी पूर्वी जिला श्री राजीव कुमार ने कहा कि ‘ऑपरेशन विश्वास’ दिल्ली पुलिस की जनसेवा, पारदर्शिता और तकनीक आधारित जांच प्रणाली के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
मोबाइल फोन वितरण समारोह के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा लाभार्थियों को उनके मोबाइल फोन सौंपे गए। इस दौरान पुलिस टीमों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में कई लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए दिल्ली पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की। संयुक्त पुलिस आयुक्त डॉ. अजीत कुमार सिंगला ने पुलिस टीमों के समन्वित प्रयासों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्य जारी रखने की बात कही। वहीं विशेष पुलिस आयुक्त देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने ‘ऑपरेशन विश्वास’ को जनविश्वास बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण पहल बताते हुए नागरिकों से साइबर सुरक्षा एवं नशा मुक्ति के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। अंत में शेष मोबाइल फोन भी संबंधित थानों के माध्यम से लाभार्थियों को वितरित किए गए। दिल्ली पुलिस ने एक बार फिर पारदर्शी, जवाबदेह एवं नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

 

Related Articles

Back to top button