रजनीकांत-कमल हासन की नई फिल्म ‘धर्मन’ का ऐलान, पोस्टर ने मचाया धमाल
भारतीय सिनेमा के दो सबसे बड़े महानायक—सुपरस्टार रजनीकांत और उस्ताद अभिनेता-निर्माता कमल हासन—एक बार फिर एक धमाकेदार प्रोजेक्ट के लिए साथ आए हैं। रजनीकांत की आने वाली बहुप्रतीक्षित फिल्म, जिसे अब तक 'थलाइवर 173' कहा जा रहा था, के आधिकारिक नाम का एलान हो चुका है।

एंटरटेनमेंट डेस्क/मुंबई। भारतीय सिनेमा के दो दिग्गज कलाकार रजनीकांत और कमल हासन एक बार फिर बड़े प्रोजेक्ट के लिए साथ आ रहे हैं। रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म, जिसे अब तक ‘थलाइवर 173’ के नाम से जाना जा रहा था, का आधिकारिक नाम ‘धर्मन’ घोषित कर दिया गया है। बुधवार, 24 जून 2026 को फिल्म का पहला पोस्टर जारी होते ही सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई।
फिल्म के पहले पोस्टर में रजनीकांत नीले सर्जिकल स्क्रब में गंभीर अंदाज में नजर आ रहे हैं, जिससे संकेत मिलता है कि कहानी मेडिकल या हॉस्पिटल पृष्ठभूमि पर आधारित हो सकती है। पोस्टर पर फिल्म का शीर्षक ‘धर्मन’ और टैगलाइन “द डेडली डॉक्टर” भी दर्ज है। कमल हासन ने सोशल मीडिया पर तमिल में कैप्शन साझा करते हुए ‘न्याय की जीत’ का संदेश दिया।
इस फिल्म का निर्देशन ‘ड्रैगन’ और ‘ओरी देवुडा’ जैसी फिल्मों के लिए चर्चित निर्देशक अश्वथ मारिमुथु कर रहे हैं। रजनीकांत ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के लिए कई निर्देशकों के नाम सामने आए थे। शुरुआत में के.एस. रविकुमार को निर्देशन की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन बाद में यह प्रोजेक्ट उनसे अलग हो गया। इसके बाद सुंदर सी. और सिबी चक्रवर्ती भी जुड़े, लेकिन विभिन्न कारणों से वे इस फिल्म का हिस्सा नहीं बन सके।
रजनीकांत ने बताया कि सिबी चक्रवर्ती की कहानी एक न्यूक्लियर साइंटिस्ट पर आधारित थी, जिसके लिए अफगानिस्तान और रूस में शूटिंग की जरूरत थी। यह प्रोजेक्ट समय लेने वाला होने के कारण आगे नहीं बढ़ पाया। अंततः अश्वथ मारिमुथु को फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी सौंपी गई।
फिल्म का निर्माण कमल हासन और आर. महेंद्रन द्वारा राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल (आरकेएफआई) के बैनर तले किया जा रहा है। संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है, जो पहले भी रजनीकांत के साथ ‘जेलर’, ‘दरबार’ और ‘पेट्टा’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं। सिनेमैटोग्राफी निकेत बोम्मी और संपादन प्रदीप ई. राघव द्वारा किया गया है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो रजनीकांत हाल ही में लोकेश कनगराज की फिल्म ‘कुली’ में नजर आए थे। उनके पास ‘जेलर 2’ और कमल हासन के साथ एक अन्य प्रोजेक्ट ‘KH x RK’ भी पाइपलाइन में है।
फिल्म ‘धर्मन’ की घोषणा के बाद से दर्शकों में इसे लेकर उत्सुकता बढ़ गई है और इसे लेकर बड़े स्तर पर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।




