ऑपरेशन विश्वास’ से बढ़ा भरोसा, पूर्वी जिला पुलिस ने 161 लोगों को लौटाए खोए मोबाइल फोन

पूर्वी दिल्ली। दिल्ली पुलिस का नागरिक केंद्रित अभियान ‘ऑपरेशन विश्वास’ लगातार जनता का भरोसा मजबूत कर रहा है। इसी कड़ी में पूर्वी जिला पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके असली मालिकों को सौंपा है। इस पहल के तहत कुल 209 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनमें से 161 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटा दिए गए।
पूर्वी जिला पुलिस द्वारा तकनीकी निगरानी, फील्ड वेरिफिकेशन और समन्वित जांच के माध्यम से इन मोबाइल फोन को ट्रेस किया गया। जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम के बाद विभिन्न सब-डिवीजन स्तर पर भी मोबाइल फोन वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक इस अभियान का लाभ पहुंचाया जा सके।
प्रीत विहार सब-डिवीजन में 15 जून को लक्ष्मी नगर थाने में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 49 बरामद मोबाइल फोन में से 28 मोबाइल फोन उनके मालिकों को सौंपे गए। वहीं मधु विहार सब-डिवीजन में 16 जून को आयोजित कार्यक्रम में 42 बरामद मोबाइल फोन में से 24 मोबाइल फोन लौटाए गए।
मयूर विहार सब-डिवीजन में 17 जून को रिवरसाइड क्लब में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 27 बरामद मोबाइल फोन में से 18 मोबाइल फोन उनके मालिकों को दिए गए। वहीं कल्याणपुरी सब-डिवीजन में 18 जून को आयोजित कार्यक्रम में सभी 91 बरामद मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सौंप दिए गए। इस कार्यक्रम में वसुंधरा एन्क्लेव सोसायटीज ज्वाइंट फोरम के अध्यक्ष भीम सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे और उन्होंने पुलिस के प्रयासों की सराहना की।
मोबाइल फोन वापस पाने वाले लोगों ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए दिल्ली पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत आधुनिक तकनीक, डिजिटल ट्रैकिंग और समर्पित जांच के जरिए नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा रहा है।
पूर्वी जिला पुलिस के अनुसार यह अभियान केवल खोए सामान की बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनता के साथ भरोसे और पारदर्शिता को मजबूत करने का भी एक महत्वपूर्ण प्रयास है। पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की जनहितकारी पहल जारी रखी जाएगी, जिससे नागरिकों और पुलिस के बीच संबंध और मजबूत हो सकें।

Related Articles

Back to top button