ग्रेटर नोएडा वेस्ट में नाले में लटक गई कार, राहगीरों ने तीन लोगों की बचाई जान
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के तुस्याना गांव के पास हुए एक्सिडेंट में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खुले नाले में जा लटकी। राहगीरों ने कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला।

ग्रेटर नोएडा। तुस्याना गांव के पास शनिवार रात एक एक्सिडेंट में तीन लोगों की जिंदगी बच गई। तीनों जिस कार में सवार थे, वह अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खुले नाले में जा लटकी। आसपास के लोगों ने वक्त रहते उनकी आवाज सुन ली और कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा रात करीब साढ़े 9 बजे हुआ। कार का एक हिस्सा नाले की ओर झुक गया था और कार सवार युवक अंदर फंस गए। वे मदद के लिए चिल्लाने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने चीखें सुनी तो वे मदद के लिए दौड़े। ग्रामीणों ने युवकों को बाहर निकाला और किसी तरह कार भी सड़क की ओर खींच ली गई। ईकोटेक-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। ईकोटेक थर्ड थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि इस घटना में किसी की तरफ से शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
जिस नाले पर कार लटकी, वहां नाले का निर्माण कार्य चल रहा है। मौके पर काफी मिट्टी पड़ी है और गड्ढे भी हैं। इसके बावजूद वहां बैरिकेडिंग नहीं की गई। लोगो का आरोप है कि यह ग्रेटर नोएडा वेस्ट की मुख्य सड़क है। इस पर 24 घंटे गाड़ियां दौड़ती है। यहां कोई रिफ्लेक्टिव टेप भी नही है, जिससे रात में नाला या निर्माण कार्य दिखाई दे सके।




