ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 13 वर्षीय किशोरी की 21वीं मंजिल से गिरकर मौत, पुलिस जांच में जुटी

किशोरी माता-पिता की इकलौती संतान थी। किशोरी की मां गृहणी हैं। परिवार सोसायटी की चौथी मंजिल पर रहता है। गुरुवार देर रात करीब 3:15 बजे किशोरी घर से बिना बताए बाहर निकली। इसके बाद वह लिफ्ट से सीधे 21वीं मंजिल पर पहुंची। वहां लॉबी वाले हिस्से से उसने छलांग लगा दी।

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित महागुन मायवुड्स सोसायटी में 13 वर्षीय किशोरी की 21वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद सोसायटी में अफरा-तफरी मच गई। किशोरी कक्षा आठ की छात्रा थी और अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। शुरुआती चर्चाओं में मां की डांट को घटना से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस ने मोबाइल फोन की लत को लेकर डांट पड़ने के कारण आत्महत्या किए जाने की बात से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और अभी घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है।
मूल रूप से फर्रुखाबाद निवासी प्रदीप सिसोदिया नोएडा के सेक्टर-63 स्थित एक सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी में कार्यरत हैं। वह परिवार के साथ ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौड़ सिटी-2 स्थित महागुन मायवुड्स सोसायटी की चौथी मंजिल पर रहते हैं। उनकी बेटी प्रियांशी (13) मंथन स्कूल में कक्षा आठ में पढ़ती थी। शुक्रवार सुबह परिजनों को किशोरी के घर में नहीं होने की जानकारी हुई। तलाश के दौरान पता चला कि वह सोसायटी की 21वीं मंजिल से नीचे गिर गई थी। गंभीर घटना में उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को सूचना मिली कि 13 वर्षीय किशोरी को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। इसके बाद बिसरख थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि किशोरी देर रात करीब 3:15 बजे घर से बाहर निकली थी। इसके बाद वह लिफ्ट से 21वीं मंजिल पर पहुंची और वहां लॉबी वाले हिस्से से नीचे गिर गई। हालांकि, वह किन परिस्थितियों में वहां पहुंची और घटना कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है।
कोतवाली प्रभारी रंजीत सिंह के मुताबिक, परिजनों से पूछताछ में पता चला है कि घटना से एक दिन पहले मां ने किसी बात को लेकर किशोरी को डांटा था। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डांट या मोबाइल फोन के इस्तेमाल को घटना का कारण मानने की अभी पुष्टि नहीं हुई है। परिजन घटना से सदमे में हैं और फिलहाल अधिक जानकारी देने की स्थिति में नहीं हैं।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button