दिल्ली के सभी थानों में हर शनिवार ‘थाना दिवस-जन सुनवाई’ शुरू, ऑन स्पॉट होगा समाधान

दिल्ली में अब हर शनिवार को सभी थानों में 'थाना दिवस-जन सुनवाई' आयोजित की जाएगी। यह पहल जनता की समस्याओं को तुरंत सुलझाने और पुलिस व्यवस्था को सीधे लोगों से जोड़ने के लिए की गई है।

नई दिल्ली। राजधानी में जनता की शिकायतों के त्वरित निपटारे और पुलिस व्यवस्था को आम लोगों से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से बड़ा कदम उठाया गया है। उपराज्यपाल के निर्देश पर पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने सर्कुलर जारी कर सभी 195 थानों में हर शनिवार ‘थाना दिवस-जन सुनवाई’ आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। यह व्यवस्था अगले सप्ताह से नियमित रूप से लागू होगी।
जन सुनवाई के दौरान हर नागरिक की शिकायत सुनी जाएगी, चाहे वह पहले से ऑनलाइन दर्ज हो या नहीं। जरूरत पड़ने पर मामलों की जांच तत्काल संबंधित स्टाफ को सौंपी जाएगी और एसीपी व डीसीपी स्तर के अधिकारी लंबित मामलों की समीक्षा करेंगे।
हर थाने में शिकायतों का रिकॉर्ड रखने के लिए अलग रजिस्टर बनाया जाएगा और साप्ताहिक रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। इस अभियान के व्यापक प्रचार के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
निर्देशों के अनुसार, हर शनिवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक जन सुनवाई होगी, जिसमें वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहेंगे। डीसीपी, एसीपी और एसएचओ को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार बनाया गया है। साथ ही थानों में बैठने और हेल्प डेस्क की व्यवस्था कर नागरिकों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराया जाएगा। आदेशों के पालन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

Related Articles

Back to top button