दिल्ली पुलिस मुख्यालय में पिपिंग सेरेमनी: 221 कर्मियों को सेवानिवृत्ति पर मिला मानद पदोन्नति सम्मान

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस मुख्यालय स्थित आदर्श ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य पिपिंग सेरेमनी में सेवानिवृत्त हो रहे 221 पुलिस कर्मियों को मानद पदोन्नति देकर सम्मानित किया गया। यह समारोह ‘ऑनरेरी रैंक प्रमोशन स्कीम’ के तहत आयोजित किया गया, जिसकी शुरुआत दिसंबर 2025 में हुई थी और यह इस श्रृंखला का छठा आयोजन रहा।
समारोह की अध्यक्षता पुलिस आयुक्त श्री सतीश गोलछा ने की। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर कांस्टेबल से लेकर सब-इंस्पेक्टर स्तर तक के सेवानिवृत्त कर्मियों को अगली उच्च मानद रैंक प्रदान की।
अपने संबोधन में पुलिस आयुक्त ने सभी कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह पहल अब दिल्ली पुलिस की एक महत्वपूर्ण परंपरा बन चुकी है। उन्होंने विशेष पुलिस आयुक्त (एचआरडी) श्री रॉबिन हिबू एवं उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की, जिनके सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि सम्मानित हो रहे कर्मियों ने 35 से 40 वर्षों तक संस्था, शहर और देश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि जीवनशैली है, जो व्यक्ति की सोच और जिम्मेदारी की भावना को परिपक्व बनाती है।
उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों से अपील की कि वे आगे भी पुलिस बल के मूल्यों और गरिमा को बनाए रखें तथा समाज में अपने अनुभव और मार्गदर्शन से आदर्श प्रस्तुत करें। साथ ही उन्होंने कर्मियों के परिवारजनों के त्याग और सहयोग को भी सराहा। मानद पदोन्नति प्राप्त करने वालों में हेड कांस्टेबल से एएसआई पद पर 11, एएसआई से सब-इंस्पेक्टर पद पर 30 तथा सब-इंस्पेक्टर से इंस्पेक्टर पद पर 180 कर्मी शामिल रहे।
समारोह में दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, सेवानिवृत्त कर्मी एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे यह आयोजन गरिमामय और यादगार बन गया।





