कार्यकर्ताओं का समर्पण ही भाजपा को अन्य दलों से बनाता है श्रेष्ठ: वीरेन्द्र सचदेवा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं का समर्पण ही भाजपा को अन्य राजनीतिक दलों से अलग और श्रेष्ठ बनाता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की अमूल्य पूंजी होते हैं, जिनके बल पर पार्टी निरंतर मजबूत होती है।
वीरेन्द्र सचदेवा ने यह विचार बाहरी दिल्ली जिले के पं. दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान के तहत आयोजित ‘कार्यकर्ता सम्भाल एवं दायित्वबोध’ विषयक सत्र को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन और नेतृत्व अपने कार्यकर्ताओं को धरोहर के रूप में मानता है और उनके योगदान को सर्वोपरि रखता है।
इस दौरान उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट पार्क क्षेत्र में बाहरी दिल्ली, महरौली और दक्षिण दिल्ली जिलों के प्रवास शिविरों के विभिन्न सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों को पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, संगठन महामंत्री पवन राणा, सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, कमलजीत सहरावत, योगेन्द्र चांदोलिया, विधायक अजय महावर, वरिष्ठ नेता सुभाष सचदेवा तथा मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि तीनों जिलों के प्रशिक्षण शिविरों का समापन गुरुवार प्रातः आयोजित सत्र के साथ किया जाएगा।




