अंसल हाईटेक टाउनशिप पर प्रशासन का शिकंजा, तीन और निदेशक गिरफ्तार; 77.66 करोड़ की वसूली का मामला

अंसल हाईटेक टाउनशिप के तीन निदेशकों को बकाया नहीं चुकाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उन्हें 15 दिन के लिए जेल भेजा गया है।

अंसल हाईटेक टाउनशिप के तीन और निदेशक गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा। अंसल हाईटेक टाउनशिप पर बकाया वसूली को लेकर जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को कंपनी के तीन और निदेशकों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 15 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इससे पहले 30 अक्टूबर को कंपनी के एक अन्य निदेशक को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। कंपनी पर उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) के करीब 250 रिकवरी सर्टिफिकेट (आरसी) के तहत 77.66 करोड़ रुपये की देनदारी है। हाईकोर्ट की सख्ती के बाद प्रशासन ने बकाया वसूली के लिए कार्रवाई तेज कर दी है।

दादरी तहसील क्षेत्र में अंसल हाईटेक टाउनशिप का प्रोजेक्ट है। निर्धारित समय पर फ्लैटों का कब्जा नहीं मिलने से परेशान खरीदारों ने यूपी रेरा में शिकायतें दर्ज कराई थीं। सुनवाई के बाद प्राधिकरण ने बिल्डर को खरीदारों की समस्याओं का समाधान करने और बकाया भुगतान करने के निर्देश दिए थे। आदेशों का पालन नहीं होने पर यूपी रेरा ने रिकवरी सर्टिफिकेट जारी किए, जिनकी वसूली की जिम्मेदारी दादरी तहसील की राजस्व टीम को सौंपी गई है।

अधिकारियों के मुताबिक, बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद कंपनी ने बकाया राशि जमा नहीं की। इसके बाद प्रशासन ने पुलिस के सहयोग से गिरफ्तारी और कुर्की की कार्रवाई शुरू की। 30 अक्टूबर को कंपनी के निदेशक बंटी निवासी प्राणगढ़ी, गाजियाबाद को गिरफ्तार किया गया था। बुधवार को गिरफ्तार किए गए निदेशकों की पहचान श्रीराम निवासी हरदोई, मोहम्मद अलीम और तस्लीम निवासी खतौली के रूप में हुई है। श्रीराम वर्तमान में गाजियाबाद के कनावनी गांव में रह रहा था, जबकि अलीम और तस्लीम मसूरी क्षेत्र में रह रहे थे। दोनों सगे भाई बताए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, मोहम्मद अलीम और तस्लीम हाउसकीपिंग का काम करते हैं, जबकि श्रीराम चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। इस पर खरीदारों ने सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि बिल्डर कंपनियां कर्मचारियों को निदेशक बनाकर वास्तविक जिम्मेदार लोगों को जवाबदेही से बचाने का प्रयास करती हैं। हालांकि, इस संबंध में आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

अंसल ग्रुप के खिलाफ प्रशासन पहले भी कार्रवाई कर चुका है। वर्ष 2023 में भी कंपनी के एक निदेशक को गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा बकाया वसूली के लिए प्रशासन करीब 1.66 लाख वर्ग मीटर जमीन कुर्क कर चुका है। अब 77.66 करोड़ रुपये की बकाया राशि की वसूली के लिए प्रशासन की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button