दिल्ली में छठ पूजा की भव्य तैयारियां, मंगोलपुरी के बापू पार्क में म्यूजिकल फाउंटेन और लेजर शो होंगे आकर्षण

दिल्ली के मंगोलपुरी के बापू पार्क में इस बार छठ पूजा का भव्य आयोजन हो रहा है, जिसमें म्यूजिकल फाउंटेन और लेजर शो मुख्य आकर्षण हैं।

बाहरी दिल्ली। राजधानी दिल्ली में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी स्थित बापू पार्क में इस बार छठ पूजा का आयोजन भव्य स्तर पर किया जा रहा है। पवित्र छठ विकास समिति की ओर से तैयार स्थायी छठ घाट पर धार्मिक आयोजनों के साथ आधुनिक तकनीक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। यहां म्यूजिकल फाउंटेन, लेजर शो, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और भजन संध्या श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

छठ घाट को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। पूरे परिसर में निगरानी के लिए 24 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि रोशनी की व्यवस्था के लिए 150 लाइटें लगाई गई हैं। समिति के अध्यक्ष श्रीकांत सिंह विद्यार्थी ने बताया कि इस बार छठ पूजा के दौरान घाट पर 10 हजार से अधिक व्रतियों के पहुंचने की उम्मीद है। उनके अनुसार, यहां हर वर्ष पांच हजार से अधिक श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

श्रीकांत सिंह विद्यार्थी ने बताया कि इस बार धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। भजन संध्या में छठी मैया के पारंपरिक गीतों से वातावरण भक्तिमय बनाया जाएगा। वहीं म्यूजिकल फाउंटेन और लेजर शो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण होंगे। स्थायी छठ घाट होने के कारण यहां हर साल बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ पूजा-अर्चना और सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं।

इधर, नरेला के अजूबा घाट पर भी छठ पूजा की तैयारियां विशेष रूप से की जा रही हैं। जनहित पूर्वांचल सोसाइटी के संस्थापक एवं महासचिव विनीत कुमार के अनुसार, यहां पिछले 24 वर्षों से लगातार छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। वर्ष 2002 में इस स्थान पर पहली बार पूजा की शुरुआत हुई थी। उस समय इलाके में छठ पर्व को लेकर जागरूकता काफी कम थी। विनीत कुमार ने बताया कि उन्होंने 22 वर्ष की उम्र में यहां छठ पूजा की परंपरा शुरू कराई थी।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2005 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के कार्यकाल में अजूबा घाट को सरकारी घाट के रूप में मान्यता मिली। इसके बाद सरकार की ओर से यहां तालाब बनवाया गया और टेंट, रोशनी तथा साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गईं। समय के साथ इस घाट पर श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती गई। अब स्थिति यह है कि पूजा के लिए आने वाले लोगों को कूपन लेने के लिए भी लंबी कतारों में लगना पड़ता है। विनीत कुमार के मुताबिक, कई बार श्रद्धालुओं को कूपन प्राप्त करने के लिए करीब तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ता है।

मंगोलपुरी के बापू पार्क से लेकर नरेला के अजूबा घाट तक छठ पूजा की तैयारियां राजधानी में पूर्वांचली संस्कृति और लोक आस्था की जीवंत झलक पेश कर रही हैं। घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और पारंपरिक पूजा-अर्चना के बीच छठ महापर्व एक बार फिर सामूहिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का संदेश देगा।

Related Articles

Back to top button