दिल्ली के 15 लाख से अधिक राशन कार्डधारक परिवारों को दिवाली पर मुफ्त गैस सिलिंडर की सौगात
सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली के 15 लाख से अधिक राशन कार्डधारक परिवारों को दीवाली पर खास तोहफा दिया। उन्होंने मुफ्त एलपीजी सिलिंडर के लिए डीबीटी के माध्यम से ₹142 करोड़ से अधिक की राशि बैंक खातों में हस्तांतरित की।

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 15 लाख से अधिक राशन कार्डधारक परिवारों को मुफ्त एलपीजी सिलिंडर उपलब्ध कराने के लिए 142 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने होली के बाद दिवाली पर भी अपने वादे को पूरा किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस पहल की जानकारी साझा करते हुए दिल्ली की माताओं और बहनों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं का जीवन आसान बनाने और उन्हें आर्थिक रूप से राहत देने के लिए प्रतिबद्ध है।
रेखा गुप्ता ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य घरेलू बजट संभालने वाली महिलाओं को आर्थिक सहायता देना और त्योहार के अवसर पर उनके परिवारों की खुशियों को बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि 15 लाख से अधिक राशन कार्डधारक परिवारों के खातों में सीधे धनराशि भेजने से लाभार्थियों को सहायता मिलेगी।




